कानपुर। हरियाणा में मतदान के लिए लोगों में काफी उत्साह है। आम से लेकर खास सभी लोग अपने मत का इस्तेमाल करने पहुंच रहे हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी वोट डालने पहुंचे हैं। सीएम खट्टर साइकिल से वोट डालने गए हैं। वहीं हरियाणा की अकेली महिला मंत्री कविता जैन उन शुरुआती मतदाताओं में शामिल थीं जिन्होंने सोनीपत में अपना वोट डाला।


हरियाणा में ये हैं बड़े उम्मीदवार
करीब 105 महिलाओं सहित 1,169 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। प्रमुख हस्तियों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा ने 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि कांग्रेस राज्य में वापसी की उम्मीद कर रही है। वर्तमान में यहां भाजपा के 48 विधानसभा सदस्य हैं।
 
19,578 मतदान केंद्र बनाए गए

मुख्य चुनाव अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि 19,578 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 13,837 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 75,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों तैनात हुए हैं। 1.83 करोड़ से अधिक मतदाता वोट देने के योग्य हैं, जिसमें 85 लाख महिलाएं, एक लाख से अधिक सर्विस वोटर और 252 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।