कानपुर। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इस बार भी करनाल सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे थे और जीत मिल गई। बता दें कि खट्टर दूसरी बार इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने करनाल सीट पर 63 हजार 773 वोटों से जीत दर्ज की थी। इस बार इस सीट पर खट्टर की लड़ाई कांग्रेस के तरलोचन सिंह से है। वहीं जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने खटट्र के खिलाफ अपने मजबूत प्रत्यासी के रूप में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बर्खास्त जवान तेज बहादुर को उतारा है। इस सीट पर शुरुआती रूझानों में सीएम मनोहर लाल अपने निकटतम प्रत्याशी से 44868 वोटों से आगे हैं।

मनोहर लाल खट्टर आगे

हरियाणा विधानसभा चुनावों में करनाल सीट पर बीजेपी के मनोहर लाल खट्टर 45188 वोटों के अंतर से जीते। उन्हें 79906 वोट मिले। उनके निकटतम उम्मीदवार कांग्रेस के तरलोचन सिंह को 34718 वोट मिले हैं। वहीं जेजेपी के तेज बहादुर को 3163 वोट मिले हैं।

पिछली बार खट्टर को मिले थे 82 हजार वोट

पिछले विधानसभा चुनाव में करनाल सीट पर मनोहर लाल खट्टर को 82 हजार 485 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार जय प्रकाश गुप्ता थे, उन्हें सिर्फ 18 हजार 712 वोट मिले थे। वहीं करनाल विधानसभा सीट पर तीसरे नंबर पर आईएनएलडी के मनोज वाधवा और चौथे नंबर पर कांग्रेस के सुरेंद्र नरवाल रहे थे। बता दें कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल के एक मतदान केंद्र पर साइकिल से वोट डालने के लिए पहुंचे थे। करीब 105 महिलाओं सहित 1,169 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। प्रमुख हस्तियों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, जेजेपी के दुष्यंत चौटाला और इनेलो के अभय सिंह चौटाला शामिल हैं। खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा ने 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है, जबकि कांग्रेस राज्य में वापसी की उम्मीद कर रही है। वर्तमान में यहां भाजपा के 48 विधानसभा सदस्य हैं।