- धूमधाम से मनाई गई कृष्ण जन्माष्टमी

- मनोहरी झांकियों में दिखी कान्हा की लीलाएं

LUCKNOW: रात बारह बजते ही मंदिर व ठाकुरद्वारे शंख नगाड़े, घंटा घडि़याल से गूंज उठे। श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर राजधानी में अलग अलग स्थानों पर विशेष आयोजन किए गये। कही झांकियां सजी तो कहीं भजनों की बयार बही। राजधानी का सबसे बड़ा आयोजन पुलिस लाइन में किया गया। जहां प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल राम नाईक, डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। जब मुख्य अतिथियों ने कृष्ण राधा पर फूलों की वर्षा की तो पूरा पंडाल जय श्री कृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। वहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।

बधाई हो बधाई गूंजा माधव मंदिर

डालीगंज स्थित श्रीमाधव मंदिर में मेरौ मन अनंत सुख पावै श्री कृष्ण प्राकट्योत्सव पर भव्य फूलों का श्रृंगार, ब्रज के कलाकारों द्वारा महारास समेत धूमधाम से मनाया गया। बाल कृष्ण मूवी, श्रीकृष्ण महारास व श्रीकृष्ण लीलाओ में श्रीकृष्ण प्राकट्योत्सव, फूलों की होली, ब्रज की लठमार होली, श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर भव्य महाआरती के बाद पंचमेल प्रसाद वितरण किया गया। दही हाडी प्रतियोगिता दिव्यांश साहू ने ग्वालों पर चढ़कर मटकी फोड़ी।

भक्तों का लगा तांता

खाटू मंदिर में कान्हा के जन्मोत्सव के बाद लड्डू गोपाल को पालने मे झुलाने के लिए भक्तों का तांता लग गया। श्री खाटू श्याम मन्दिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया.श्री श्याम परिवार की ओर से आयोजित जन्मोत्सव में माखन मटकी थीम पर बना पंडाल, डिजिटल मूविंग झांकी, आकर्षक का केंद्र रही। वहीं भजन संध्या में पवन मिश्रा, जन्म उत्सव कान्हा का हम आज मनायेंगे, लता सिंह राजपूत ने बाबा का गुणगान किया। रात्रि 12 बजे गोले पटाखो की जोरदार गूंज के बीच 21 किलों का केक काटकर कान्हा जन्मोत्सव मनाया गया।

मेयर ने बच्चों को किया सम्मानित

राजेंद्रनगर के महाकाल मंदिर में कान्हा जन्मोत्सव से पहले माखनचोर आ मटकी फोड़ का आयोजन किया गया। संयोजक अतुल मिश्रा के संचालन में हुई मटकी फोड़ कार्यक्रम में कान्हा ने लगभग 21 फीट ऊंची मटकी को फोड़ी। इस मौके पर भजन कीर्तन और फिर रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। उत्सव में मेयर संयुक्ता भाटिया बच्चों को पुरस्कृत किया।

अखिलेश यादव पहुंचे इस्कॉन मंदिर

राधारमण बिहारी मंदिर इस्कॉन में जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्यामदास ने श्रीकृष्ण का पुष्पाभिषेक किया। इस मौके पर सपा के मुखिया अखिलेश यादव, डिंपल यादव ने श्रीकृष्ण का महाभिषेक किया। वहीं दर्शन के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। जबकि बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ जिसमें भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का मंचन किया गया।