प्रधान डाकघर में नेशनल कॅरियर सर्विस पोर्टल पर किया जा रहा है बेरोजगारों का रजिस्ट्रेशन

ALLAHABAD: केन्द्र सरकार की पहल पर डाकघरों में बेरोजगारों के रजिस्ट्रेशन करने का काम अब और आसानी से किया जा सकेगा। क्योंकि, प्रधान डाकघर में इस समय कर्मचारियों के जिम्मे उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का स्टडी मैटेरियल और यूपी बोर्ड की कापियों को बाहर भेजने जैसे कामों की जिम्मेदारी बढ़ गई है। जिसके चलते नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन का काम प्रभावित हो रहा है। यही वजह है कि डाकघर प्रशासन ने छह अन्य डाकघरों में रजिस्ट्रेशन काउंटर खोलने का निर्णय लिया है।

कर्मचारियों को दी गई ट्रेनिंग

पहले चरण में इस योजना को प्रधान डाकघर में 17 अप्रैल से शुरू किया गया था। लेकिन वर्तमान समय में काम का बोझ बढ़ने के बाद कर्मचारियों को ट्रेंड करने का निर्णय लिया गया। नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष किया गया है। इसके लिए एक दर्जन कर्मचारियों को प्रधान डाकघर में प्रशिक्षण दिया गया है ताकि रजिस्ट्रेशन का काम आसानी से अन्य डाकघरों में किया जा सके।

पोर्टल पर रजिस्टर्ड हैं तीन हजार कंपनियां

नेशनल करियर सर्विस पर रजिस्ट्रेशन कराने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बेरोजगारों को तीन हजार कंपनियों की नौकरी से संबंधित डिटेल्स आसानी से प्राप्त हो सकेगी। जहां संबंधित बेरोजगार अपनी योग्यता के अनुसार अप्लाई कर सकता है। बेरोजगारों के रजिस्ट्रेशन के लिए चार मई से कई काउंटर खोलने की व्यवस्था की गई है। हालांकि प्रधान डाकघर में भी पहले की ही तरह एक काउंटर से रजिस्ट्रेशन का काम चलता रहेगा। सीनियर पोस्ट मास्टर आरएन यादव ने बताया कि प्रधान डाकघर में इस समय बहुत ज्यादा काम बढ़ गया है। इसलिए आठ और काउंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। एक-दो दिन में उन डाकघरों को चिन्हित कर लिया जाएगा जहां पर बेरोजगारों का रजिस्ट्रेशन किया जा सके।

वर्क प्रेशर ज्यादा हो गया है। रजिस्ट्रेशन के लिए आने वाले बेरोजगारों की सुविधा को देखते हुए प्रधान डाकघर से इतर डाकघरों में काउंटर खोलने का फैसला लिया गया है।

आरएन यादव

सीनियर पोस्ट मास्टर