क्षेत्रवासियों ने टीबी मरीजों के सर्वेक्षण के लिए गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर लगाया एनआरसी के लिए गणना करने का आरोप

Meerut। लिसाड़ी गेट में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया जब टीबी मरीजों के सर्वेक्षण के लिए गई स्वास्थ्य विभाग की टीम पर एनआरसी के लिए जासूसी का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के लोगों ने कर्मचारियों को बंधक बना लिया। हंगामे की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जैसे-तैसे हंगामा कर रहे लोगों को समझाते हुए बंधक बनाए गए कर्मचारियों को मुक्त कराया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस मामले में कार्यवाही की बात कही है।

क्या है मामला

दरअसल, मामला श्याम नगर रोड तारापुरी गली नंबर 10 का है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ललित कुमार के मुताबिक पिछले पांच सालों से हर साल पूरे जिले में टीबी के मरीजों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वेक्षण किया जाता है। इसी कड़ी में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रचार सामग्री और रजिस्टर आदि लेकर क्षेत्र में सर्वेक्षण के लिए गई थी। बताया जाता है टीम के कर्मचारी घूम-घूमकर लोगों के नाम-पते और उनके परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर एनआरसी के लिए गणना करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद क्षेत्र के अन्य कुछ लोग भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के विरोध में उतर आए और हंगामा करते हुए टीम के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इस दौरान कर्मचारियों के साथ जमकर अभद्रता की गई। जिसके चलते दहशतजदा कर्मचारियों ने घटना की जानकारी तत्काल आला अधिकारियों को दी। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रदीप कुमार सहित टीम के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हंगामा कर रहे लोगों को असलियत बताते हुए जैसे-तैसे शांत किया। इसके बाद बंधक बनाए गए कर्मचारियों को मुक्त कराते हुए उन्हें वापस भेजा। उधर, स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने मामला संज्ञान में आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।