- हेल्दी हो लंच तो ही होगा बच्चा तंदुरुस्त

- सेहत के लिए नुकसानदायक है जंक फूड

- गर्मी के मौसम में कुछ एकस्ट्रा केयर है जरूरी

MEERUT : समोसा, बर्गर, चाऊमीन, पिज्जा और पेटिज क्या आप जानते हैं, आपका बच्चा क्या खा रहा है। आपका बच्चा लगातार स्कूल की कैंटीन या फिर किसी आसपास की कैंटीन और बेकरी शॉप से यही सब खरीदकर खा रहा है। बच्चे की पसंद और नापसंद का ख्याल रखते हुए भले ही अनजाने में आप भी उसको टिफिन में यही परोस रहे हों। मगर अनजाने में आप खुद ही अपने बच्चे की हेल्थ के दुश्मन बन रहे हैं। बदलते मौसम में कहीं न कहीं यह जंक फूड हैबिट बन सकती है किसी बीमारी का कारण। आइए जानते हैं गर्मी में बच्चे की सेहत के साथ किस तरह हो रही है लापरवाही।

क्या दे रहे हैं टिफिन में आप

जाने अनजाने में अपने बच्चे को जंक फूड का शिकार आप खुद भी बना रहे हैं। कभी लंच बॉक्स में समोसा, तले भून स्नैक्स, पेटिज या फिर उसका पसंदीदा बर्गर भले ही आप उसकी खुशी के लिए दे रहे हैं, लेकिन मैदा और तली भूनी चीजें ही अधिकतर पेट संबंधित बीमारियों को जन्म देती हैं। डॉक्टर्स के अनुसार तो खासतौर पर गर्मी के मौसम में यह सब चीजें पेट से लेकर उल्टी दस्त तक की बीमारी का कारण बन जाती है। डाइटिशियन मनीषा मल्होत्रा के अनुसार खासतौर पर बच्चों के लिए इस तरह की डाइट नहीं होनी चाहिए।

ये हैं ज्यादा नुकसानदायक

अक्सर आप बच्चे की जिद पर उसे पसंदीदा लंच बॉक्स के लिए पैसे भी दे देते हैं। स्कूल की कैंटीन या फिर किसी बेकरी शॉप पर वह अपनी पसंदीदा चीज खरीदकर खाता है, लेकिन वास्तविकता तो यह है कि यहां पेटीज और समोसा में बासी आलू और सब्जियां आपके लाडलों को बीमार भी कर सकती हैं। वहीं रोज-रोज चिप्स और कोल्ड ड्रिंक पेट और लीवर की बीमारी का कारण भी बन सकती है। वहीं मैदे का बना हुआ जंक फूड सेहत के लिए बेहद नुकसान दायक हो सकता है।

जरूरी है एक्स्ट्रा केयर

गर्मी के मौसम में लू की थपेड़ों के साथ कहीं आपका लाडला बीमार न हो जाए इसके लिए एक्स्ट्रा केयर करना भी बहुत जरुरी है। डाइटिशियन डॉ। भावना गांधी के अनुसार इन दिनों में बच्चों के लंच से लेकर लिक्विड तक देने में बिल्कुल भी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए, क्योंकि इन दिनों बच्चा अक्सर पानी और खाने दोनों के साथ ही लापरवाही करता है। इसलिए ध्यान देना चाहिए कि उसको दिन में खाने के साथ साथ किसी न किसी रूप में लिक्विड भी देना होगा। पानी की कमी के कारण जॉनडिस की बीमारी तक हो सकती है।

आखिर कैसा हो शेड्यूल

डाइटिशियन डॉ। भावना गांधी के अनुसार गर्मी के मौसम कुछ इस तरह का शेड्यूल होना चाहिए-

- सुबह स्कूल जाने से पहले आप बच्चे को हल्का-फुल्का ब्रेक फास्ट दें, तला-भुना बिल्कुल भी न दें। कोशिश करें कि वह सुबह मिल्क शेक के साथ भीगा हुआ ड्राईफ्रूट खाकर जाए। इससे शार्प माइंड के साथ ही उसे एनर्जी भी मिलती है।

- दिन भर में आठ ग्लास पानी के साथ ही दिनभर में उसको मट्ठा, लस्सी या फिर शिकंजी भी दें। यह लू से बचने के लिए बेहद जरुरी है।

- बच्चे को लंच के साथ हर रोज एक मौसमी फल आवश्यक रुप से देना चाहिए।

- अक्सर बच्चा रोटी या सब्जी खाते खाते उब जाता है, लेकिन आप उसके लंच में वेज पोहा, वेज सेंडविच, वेज स्टफ, अंकुरित चीजें, फ्रूट एंड वेज सैलेड दे सकते हैं।

पसंद के अनुसार भी हेल्दी फूड

अक्सर बच्चे को नूडल्स, बर्गर या फिर समोसा और इडली इस तरह का लंच पसंद आता है, तो आप उसकी पसंद के अनुसार भी कौन से हेल्दी फूड बना सकते है आइए जानते है।

नूडल्स- हफ्ते में एक बार अगर वो नूडल्स खाने की जिद करे, तो आप उसमें ज्यादा से ज्यादा ग्रीन वेजीटेबल डालकर बनाए, बाजार में आने वाली गेंहू वाली नूडल्स आप आराम से खिला सकती है।

बर्फ का गोला- गर्मी के मौसम में स्कूल से आता हर बच्चा बर्फ का गोला खाने का इच्छुक होता है। आप उसे बर्फ को घर में पीसकर उसपर रुहआफजा, डालकर दे सकती है।

- घर पर विभिन्न वेजीटेबल से बनी वेज इडली भी बच्चे के लिए पौष्टिक व पसंदीदा लंच हो सकता है।

- घर पर मैदे की जगह आटे का समोसा आकार बनाकर उसमें विभिन्न ग्रीन वेजीटेबल व आलू डालकर आप उसको पसंदीदा समोसा दे सकती हैं। इससे वह हरी सब्जियां भी आसानी से खा लेगा।

- विभिन्न सब्जियों का स्टफ पराठा या फिर वेज रोल बनाकर आप बच्चे को दे सकती हैं।

- नमकीन वेज जवे या फिर आटे वाली ब्रेड का वेज सैंडविच भी हेल्दी लंच है।

स्कूल भी परोस रहे हेल्दी लंच

सिटी के कुछ स्कूल भी बच्चों को हेल्दी लंच परोस रहे हैं, स्कूलों ने बच्चों के लिए लंच का अलग से शेड्यूल तैयार किया हुआ है।

दीवान पब्लिक स्कूल- दीवान पब्लिक स्कूल की सभी ब्रांच में बच्चों से सोमवार को टमाटर या खीरे का सैंडविच, मंगलवार को स्टफ पराठा, बुधवार को ग्रीन वेजीटेबल, गुरुवार को बच्चों की पसंद का फूड, शुक्रवार को वेज पोहा या वेज कटलेट और शनिवार को बच्चों की पसंद का लंच शेड्यूल है।

अमेरिकन किड्स- अमेरिकन किड्स की डायरेक्टर मोहिनी लाम्बा ने बताया यहां कभी चावल, किसी दिन गेहूं, कभी फ्रूट सैलेड व कभी वेज सैलेड मंगवाया जाता है।

एंजिल्स एकेडमी- एंजिल्स एकेडमी की डायरेक्टर कीर्ति गुप्ता ने बताया स्कूल में सोमवार को वेज पोहा या उपमा, मंगलवार को फ्रूट, बुधवार को पराठा, गुरुवार को वेज जवे, शुक्रवार को फ्रूट सैलेड, शनिवार को अंकुरित दाल, मोठ, सोयाबिन आदि मंगवाया जाता है।

-सोफिया ग‌र्ल्स स्कूल में हर रोज एक फ्रूट व केएल इंटरनेशनल में भी स्पेशल एक फ्रूट मंगवाया जाता है।

ट्रांसलेम एकेडमी- ट्रांसलेम एकेडमी के टीचर मनोज गोयल ने बताया यहां सोमवार को फ्रूट, मंगलवार को मदर च्वाइस, बुधवार को ग्रीन वेजीटेबल, गुरुवार को बच्चे की च्वाइस, शुक्रवार को अंकुरित दाल, दलिया, सोयाबिन और शनिवार को मदर च्वाइस होती है।