-मौसम विभाग ने किया अलर्ट, दुर्गा पूजा में हो सकती है बारिश, 2 अक्टूबर तक छाए रहेंगे बादल

PATNA: बिहार में बुधवार की शाम से मानसून के सक्रिय होने के कारण अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने के कारण हवा में नमी का अहसास किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दुर्गापूजा के दौरान कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। दो अक्टूबर तक राज्य में बादल छाए रहेंगे।

पश्चिमी हिस्से में बूंदाबांदी

शुक्रवार को मानसून बिहार और झारखंड में कमजोर पड़ जाएगा लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 सितंबर तक सक्रिय रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने के कारण बिहार के पश्चिमी हिस्से और गंगा के तटीय क्षेत्र में बारिश हो सकती है।

बुधवार रात से पटना में 23.4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को बिहार में मानसून कमजोर पड़ जाएगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 सितंबर तक मानसून के सक्रिय रहने के कारण बिहार के पश्चिमी हिस्से में बूंदाबांदी होने की संभावना है।

गया का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री

बारिश के कारण पटना का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा।