- मौसम विभाग ने शनिवार को बर्फबारी, बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट किया जारी

DEHRADUN: उत्तराखंड में शुक्रवार को पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश हुई। चारधाम समेत अन्य चोटियों पर भारी बर्फबारी हुई है, जबकि, प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश ने मौसम में एक बार फिर ठंडक घोल दी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी के साथ ही ओलावृष्टि के आसार हैं।

मौसम ने ली करवट, लौटी ठंड

शुक्रवार को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर भारी बर्फबारी हुई। धनोल्टी के आसपास की पहाडि़यों पर भी बर्फबारी हुई। इसके अलावा मसूरी में मूसलाधार बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। वहीं, चंपावत में बारिश के कारण सुबह छह बजे टनकपुर-पिथौरागढ़ नेशनल हाईवे स्वाला और बनलेख के पास चट्टान खिसककर सड़क पर आ गई। इससे मार्ग करीब पांच घंटे तक बंद रहा। प्रदेश के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान लुढ़ककर सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे दिन के समय भी ठिठुरन बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू एंड कश्मीर व हिमाचल पहुंचने के चलते उत्तराखंड में बादलों ने डेरा जमा लिया है। ऐसे में शनिवार को भी अधिकांश इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ ही ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

केंद्रीय मंत्री का हेलीकॉप्टर नहीं भर सका उड़ान

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के चलते देहरादून से उड़ान नहीं भर सका। केंद्रीय मंत्री को हवाई मार्ग से दून से श्रीनगर और उसके बाद गौचर जाना था। मौसम खराब होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग से ही श्रीनगर जाना पड़ा।