- पटना नगर निगम की तरफ से शहर में बनेंगे 7 इंट्री प्वाइंट

- अशोक स्तंभ और सभ्यता द्वार जैसे नजर आएंगे पटना के इंट्री प्वाइंट

- शहर के इतिहास की मिलेगी झलक

PATNA (22 Oct) :

अब पटना के इंट्री प्वांइट्स पर बाहर से आने वाले लोगों को प्रदेश की इतिहास के साथ ही सभ्यता के विकास की झलक देखने को मिलेगी। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। पटना नगर निगम की तरफ से शहर के मुख्य मार्गों पर ही इसकी सुंदरता और ऐतिहासिक सभ्यता को दिखाया जाएगा।

मॉडर्न टच के साथ सम्राट अशोक, गुरुगोविंद सिंह, महात्मा बुद्ध, गंगा मूर्ति और सभ्यता द्वार की झलक शहर में प्रवेश करने के साथ ही नजर आएगी। पटना नगर निगम की तरफ से स्थाई समिति की बैठक में ये मुद्दा रखा गया है।

- निगम वसूलेगा टोल टैक्स

पटना टोल टैक्स विनियमन-2019 के तहत ये योजना रखी गई है। जिसमें शहर के अंदर आने वाले रास्तों पर निगम की नजर होगी। अन्य शहरों की तरह पटना में भी टोल टैक्स निगम वसूलेगा, लेकिन आमदनी के अलावा शहर की सुंदरता और इसके इतिहास की झलक भी लोगों को शहर में आने से पहले मुख्य द्वार पर ही नजर आएगी।

ये हैं शहर के इंट्री प्वाइंट

- गांधी सेतु

- दीदारगंज

- न्यू बस स्टैंड (रामाचक बैरिया)

- गया-पटना लाइन (सिपारा)

- खगौल रोड (खोजा ईमली)

- बेली रोड नहर

- दीघा पटना नहर

-- डीपीआर हो चुकी है तैयार

बता दें कि ये योजना पूर्व मेयर अफजल ईमाम के समय की ही है। लेकिन कई अड़चनों के कारण ये योजना जमीनी स्तर पर नहीं आ पाई। अब कई संशोधन करने के बाद 21 अक्टूबर को स्थाई समिति की बैठक में इसे मेयर सीता साहू के सामने रखा गया। योजना की डीपीआर भी तैयार है। उसमें पार्षदों की राय के बाद थोड़ा फेरबदल भी करने की गुंजाइश रखी गई है। एक गेट पर लगभग 10 लाख रुपए खर्च होंगे। स्थाई समिति में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। अगली बैठक में फिर से इसपर चर्चा होगी।

नगर निगम की तरफ से योजना तैयार की गई है। डीपीआर भी तैयार है। डीपीआर में पार्षदों की राय से फेर बदल कर इसका टेंडर दिया जाएगा। इस योजना को मंजूरी मिलने के बाद तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा।

सीता साहू, मेयर

इंट्री प्वाइंट्स पर एक नजर -

- टोल टैक्स विनियमन-2019 के तहत है ये योजना

- सम्राट अशोक, गुरुगोविंद सिंह, महात्मा बुद्ध समेत कई महापुरुषों के संदेशों की रहेगी झलक

- एक गेट पर लगभग 10 लाख रुपए खर्च होंगे