कानपुर। टीवी सीरियल से अब बॉलीवुड में अपनी अदा का जलवा बिखेरने वाली एक्ट्रेस मौनी रॉय का एक नया म्यूजिक वीडियो रिलीज हो गया है। इस नए गाने का नाम 'जोगी रा सारा रा रा होली में रंगीले हो गए' है। इस गाने को मशहूर सिंगर मीका सिंह ने गाया है। इसमें मौनी के साथ बॉलीवुड एक्टर सनी सिंह और वरुण शर्मा डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। इस म्यूजिक वीडियो को होली से ठीक पहले रिलीज किया गया है और इसमें तीनों कलाकार मस्ती से झूमते हुए दिख रहे हैं। बता दें कि इस म्यूजिक वीडियो को कोरियोग्राफी से फिल्ममेकर बने रेमो डिसूजा ने डायरेक्ट किया है।

म्यूजिक को लोग खूब कर रहे हैं पसंद

इस गाने को मीका सिंह के अलावा पल्लवी पुनियानी और अभिनव सिंह ने भी अपनी आवाज दी है। यह गाना लोगों को खूब पसंद आ रहा है क्योंकि यूट्यूब पर इसे पांच लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। मौनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और उन्होंने कुछ ही दिनों पहले अपने इस गाने के एक पिक्चर को इंस्टाग्राम पर शेयर भी किया था। बता दें कि मौनी रॉय ने 2018 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म 'गोल्ड' से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। इस साल मौनी कई फिल्मों में नजर आने वाली हैं, जिनमें अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रम्हास्त्र' भी शामिल है। इस फिल्म में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर भी मुख्य भूमिका में दिखने वाले हैं।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk