RANCHI: राज्य के होमगार्ड जवान सड़क पर उतरे हैं। अपनी 3 सूत्री मांगों को लेकर इन्होंने मोरहाबादी से रैली निकाली। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले झारखंड राज्य के होमगार्ड जवानों ने रैली निकाली। अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेराव करने को लेकर मोरहाबादी से निकले। हालांकि, पुलिस ने इन्हें राजभवन के सामने ही रोक दिया। इसके बाद सभी वहीं प्रदर्शन करने लगे। होमगार्ड जवानों की मांगों में झारखंड राज्य के सभी होमगार्ड जवानों की ड्यूटी नियमित करने, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में होमगार्ड जवानों को भी समान कार्य का समान वेतन का लाभ देने, होमगार्ड मुख्यालय द्वारा बिना जांच-पड़ताल एवं स्पष्टीकरण पूछे सेवा मुक्त किए गए जवानों को सेवा में वापस लिए जाने की मांगें शामिल हैं। होमगार्ड जवानों के मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर जिला प्रशासन ने कई जगहों पर बैरिकेडिंग की थी।

मोबाइल छिनतई का प्रयास

सीएम आवास के समीप राम मंदिर चौक पर एक युवती से बाइक सवार अपराधियों ने मोबाइल झपटने का प्रयास किया। इसके बाद अपराधी कांके की ओर भाग निकले। घटना शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। प्रेमसंस के पास अपराधियों ने मोबाइल झपटमारी का प्रयास किया। मोबाइल बचाने के चक्कर में युवती सड़क पर गिर गई। उसे चोट भी लगी थी। युवती को गिरता देख आसपास के लोग जुटे और उसे उठाया। इसके बाद वहां से अपने दोस्त के साथ स्कूटी से निकल गई। हालांकि युवती ने थाने में मामला दर्ज नहीं करवाया। गोंदा थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया कि इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।