-रेस्टोरेंट मालिक समेत पांच युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

- हुक्का बार में युवकों को परोसा जा रहा था नशा

- आबूलेन पुलिस की सरंक्षण में चल रहा था हुक्का बार

Meerut : एसपी सिटी ने आबूलेन पर रेस्टोरेंट में छापेमारी की, वहां पुलिस को हुक्का बार चलता हुआ मिला। दबिश पड़ते ही वहां पर भगदड़ मच गई। कई युवक- युवती रेस्टोरेंट के दूसरे दरवाजे से निकल कर भाग लिए। जिसमें पुलिस ने हुक्का बार में जुआं व नशा कर रहे रेस्टोरेंट मालिक समेत पांच लोगों को दबोच लिया।

नशे के कई फ्लेवर

एसपी सिटी मान सिंह चौहान को सूचना मिली कि आबूलेन स्थित रोजाना रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार चल रहा है। वहां पर युवक युवतियों से मोटी रकम लेकर उन्हें हुक्के के जरिए अलग-अलग फ्लेवरों में नशा परोसा जा रहा है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने सिविल लाइन व लालकुर्ती पुलिस के साथ रोजाना रेस्टोरेंट में दबिश डाली। दबिश पड़ते ही वहां पर भगदड़ मच गई।

पुलिस ने वहां से हुक्का बार संचालक कैलाश चंद समेत पांच युवकों को दबोच लिया। जबकि कई युवक- युवतियां रेस्टोरेंट के दूसरे गेट से निकल कर फरार हो गए। एसपी सिटी ने वहां से कई प्रकार के हुक्के, कई हुक्का पाइप व काफी संख्या में अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकू के पैकेट भी बरामद किए। एसपी सिटी ने सभी के खिलाफ सदर थाने में धारा 4/6/21 (1) /24/(1) सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 में मुकदमा दर्ज किया गया।

------

आबूलेन स्थित रोजाना रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार चल रहा था। जिसमें संचालक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

-मान सिंह चौहान एसपी सिटी

पहले भी मारी थी दबिश

इससे पहले एक महीने पहले भी एसपी सिटी ने आबूलेन स्थित एक रेस्टोरेंट में हुक्का बार पर दबिश मारी थी, जिस पर आबूलेन के व्यापारियों ने हंगामा मचा दिया था। आरोपी वहां से भाग लिया था। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। नतीजा, दूसरी जगह पर हुक्का बार शुरू हो गया।

क्या स्टाफ पर भी होगी कार्रवाई?

अब देखने वाली बात है कि एसपी सिटी आबूलेन पुलिस चौकी के स्टाफ पर कितनी कार्रवाई करते हैं। चूंकि जहां पर हुक्का बार चल रहा था वहां से कुछ दूरी पर सदर थाने की आबूलेन पुलिस चौकी है। सूचना देने वाले ने आबूलेन पुलिस चौकी को दबिश में शामिल करने से मना किया था।