गांदरबल (एएनआई)। World Tourism Day : केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आज जम्मू और कश्मीर में हैं। इस दाैरान उन्होंने जम्मू और कश्मीर के गांदरबल जिले में माता खीर भवानी मंदिर का दौरा किया। इस दाैरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के बारे में बात करते हुए कहा किअनुच्छेद 370 और 35ए के निरस्त होने के साथ शांति बहाल होने के बाद यहां पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिला है। अब लोग धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं और निश्चित रूप से यहां पर्यटकों की संख्या भी बढ़ी है। माता खीर भवानी का मंदिर धार्मिक पर्यटन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह न केवल कश्मीरी पंडितों के लिए आस्था का केंद्र है, बल्कि देश के अन्य हिस्सों से भी श्रद्धालु देवी के दर्शन के लिए मंदिर आते हैं।

भारत में धार्मिक पर्यटन का क्षेत्र बहुत बड़ा है

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिकता का जिक्र करते हुए कहा, "मैं व्यक्तिगत रूप से मानता हूं कि भारत में धार्मिक पर्यटन का क्षेत्र बहुत बड़ा है। देश में इसकी अपार संभावनाएं है। हिमाचल प्रदेश में देखा जाए तो यहां आबादी से तीन गुना ज्यादा पर्यटक हैं और इनमें से पर्यटक का दो-तीन हिस्सा 'धार्मिक पर्यटक' भी है। वहीं उन्होंने लोगों से घाटी की यात्रा करने की अपील की और कहा, "कश्मीर बहुत ही खूबसूरत जगह है।

लोग माता खीर भवानी मंदिर के दर्शन भी कर रहे

माता वैष्णो देवी और बाबा अमरनाथ की तरह ही कई लोग माता खीर भवानी मंदिर के दर्शन भी कर रहे हैं। ये कुछ स्थान हैं, जो धार्मिक मान्यताओं और पर्यटन से भी जुड़े हैं। आस्थाओं से हमारा बहुत गहरा नाता है।" गौरतलब है कि अनुच्छेद 370 और 35ए के निरस्त होने के बाद केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में चल रही सभी योजनाओं को गति देने की कोशिश कर रही है। इस संदर्भ में सभी केंद्रीय मंत्री विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का जायजा ले रहे हैं।

National News inextlive from India News Desk