kanpur@inext.co.in

KANPUR : शारदा नगर की एक विवाहिता की कैलीफोर्निया में हत्या करने की कोशिश की गई। विवाहिता ने इंजीनियर पति और ननद पर यह संगीन आरोप लगाया है। उसके मुताबिक पति ने 20 लाख दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी जान लेने की कोशिश की। जब वह कामयाब नहीं हो पाया तो उसने विवाहिता को डेनमार्क निवासी बहन के घर भेज दिया और फिर वीजा खत्म होने पर वापस शहर भेज दिया। अब उसने विवाहिता को वापस बुलाने से मना कर दिया। विवाहिता के परिजनों ने सास ससुर से शिकायत की तो उन्होंने भी दहेज की मांग पूरी होने पर ही समझौता

करने की धमकी दी है।

गला दबाकर हत्या करने की कोशिश

इस दौरान आदित्य की बहन अपर्णा भी कैलीफोर्निया पहुंच गई। सुगंधा का आरोप है कि आदित्य और अपर्णा ने दहेज मांग पूरी न होने पर उसकी कैलीफोर्निया में गला दबाकर हत्या करने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह किसी तरह बच गई। इसके बाद आदित्य ने सुगंधा को डेनमार्क निवासी उसकी बहन के घर भेज दिया। 13 अक्टूबर 2018 को वीजा खत्म होने पर आदित्य ने सुगंधा को वापस भेज दिया। उसके परिजनों को फोन पर कहा कि सुगंधा अमौसी पहुंच गई है। जब 20 लाख दहेज का इंतजाम कर लेना, तभी उसे वापस बुलाउंगा। सुगंधा के पिता ने सास ससुर से बात की तो उन्होंने भी बेटे का पक्ष लिया। सास ससुर ने सुगंधा को ससुराल में रखने से भी मना कर दिया। परेशान सुगंधा ने थाने में तहरीर दी। आदित्य और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस ने दहेज उत्पीडऩ की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

शादी में 65 लाख खर्च

शारदा नगर निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मी की बेटी सुगंधा की शादी 16 फरवरी 2015 सॉफ्टवेयर इंजीनियर आदित्य शुक्ला से हुई थी। आदित्य शारदानगर विराज विला निवासी ओमकार शुक्ला का बेटा है। आदित्य के परिवार में पिता के साथ ही मां पदमा और बहन अपर्णा है। आदित्य कैलीफोर्निया में एक कंपनी में जॉब करता है। सुगंधा के मुताबिक परिजनों ने उसकी शादी में 65 लाख रुपये खर्च किए थे। वर पक्ष ने जो कुछ भी मांगा उसे अच्छी तरह से दिया। शादी के कुछ ही दिनों बाद ही उससे 20 लाख दहेज की डिमांड की जाने लगी। कहा गया कि अपने पिता से पैसे लाकर दो। मांग पूरी न होने पर उसको ससुराल में प्रताडि़त किया जाता था, यहां तक मारपीट भी की गई। लेकिन वह सब कुछ सहती रही। इधर, आदित्य उसको अपने साथ कैलीफोर्निया ले गया।

Crime News inextlive from Crime News Desk