कानपुर। आईसीसी क्रिकेट वर्ल्डकप 2019 का 40वां मैच मंगलवार को भारत बनाम बांग्लादेश के बीच एजबेस्टन में खेला गया। इस मैच में भारत को 28 रनों से जीत मिली। इसी के साथ टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई। भारत की इस जीत में ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा का अहम योगदान रहा। रोहित ने शानदार पारी खेलते हुए 104 रन बनाए। इस पारी में हिटमैन के बल्ले से पांच छक्के भी निकले, हालांकि रोहित का एक छक्का महिला फैन को घायल कर गया। मैच खत्म होने के बाद रोहित उस प्रशंसक से जाकर मिले।

रोहित ने गिफ्ट में दी साइन की हुई टोपी
रोहित के छक्के से घायल हुई महिला फैन का नाम मीना है। मैच खत्म होने के बाद रोहित ने बड़ा दिल दिखाते हुए उस प्रशंसक से मुलाकात की। यही नहीं रोहित ने साइन की हुई एक हैट भी गिफ्ट की। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने फैन के साथ रोहित की इस छोटी सी मुलाकात की तस्वीर भी अपने अफिशल टि्वटर अकाउंट पर पोस्ट की।


धोनी को पछाड़ बने सिक्सर किंग
बांग्लादेश के खिलाफ धुआंधार पारी खेलते हुए रोहित टीम इंडिया के नए सिक्सर किंग बन गए हैं। रोहित अब भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित के नाम 230 सिक्स दर्ज हैं। उन्होंने धोनी को पछाड़ते हुए ये मुकाम हासिल किया। बता दें माही के नाम 228 सिक्स हैं।

Ind vs Ban ICC World cup 2019 : रोहित ने रचा इतिहास, इस साल वनडे में 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज


Ind vs Ban World cup 2019 : रोहित बने विश्वकप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय


एक वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा शतक
रोहित इस वर्ल्डकप में अब तक चार शतक लगा चुके हैं। वहीं ओवरऑल विश्वकप में उनके नाम पांच सेंचुरी हो गई हैं। इसी के साथ रोहित वर्ल्डकप इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। रोहित के आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं जिनके नाम 6 शतक हैं। यही नहीं रोहित अब किसी एक विश्वकप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए। रोहित के अलावा पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज कुमार संगकारा ने 2015 विश्वकप में चार शतक लगाए थे। हालांकि रोहित के पास अभी कम से कम दो मैच और हैं अगर इनमें वह एक भी शतक लगा देते हैं तो वर्ल्ड रिकाॅर्ड अपने नाम कर लेंगे।

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk