आगरा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की मुहिम 'आगरा पढे़-आगरा बढ़े' को लेकर रत्न मुनि जैन इंटर कॉलेज में सोमवार को एक कार्यक्रम रखा गया। इसमें डीएम एनजी रवि कुमार ने कहा कि शिक्षा अमूल्य धन है, इसका बंटवारा नहीं हो सकता है। अगर हम पढे़ंगे तो निश्चित ही आगे बढे़ंगे। आप आगे बढे़ंगे तो शहर और देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें किताबों को अपना दोस्त बनाना होगा।

छात्रा-छात्राओं ने दिखाई रुचि

इस मौके पर रत्न मुनि जैन इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पढ़ने में रुचि दिखाई। एकाग्रचित होकर उन्होंने पढ़ने के प्रति अपनी रुचि से दिखाई। यही नहीं इस दौरान छात्र-छात्राओं ने किताब पढ़ने के प्रति अपनी लगन को प्रदर्शित करते हुए पठन पाठन के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में कॉलेज के करीब 1700 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

बनाया भारत का नक्शा

इस मौके पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने मानव रूप में भारत का नक्शा बनाकर शांति का संदेश दिया। वहां पर उपस्थित डीएम एनजी रवि कुमार सहित सभी ने प्रशंसा की। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ। अनिल वशिष्ठ, प्रहलाद शर्मा, संजीव सक्सेना, नवीन वशिष्ठ, अनुराधा शर्मा, अजय जैन आदि उपस्थित थे।