- राज्य सभा सदस्य अनिल बलूनी के गांव पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल

PAURI: पलायन से जूझ रहे पहाड़ में परंपराओं से जोड़कर रिवर्स पलायन की कवायद के बीच भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और उत्तराखंड के विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल पौड़ी जिले के नकोट गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ दीपावली के 11 दिन बाद पड़ने वाले लोकपर्व इगास मनाया। नकोट राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी का गांव है।

चंद्रबदनी मंदिर में की पूजा

दरअसल इन दिनों सांसद अनिल बलूनी बीमार हैं और स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल अनिल बलूनी के प्रतिनिधि के तौर पर इगास मानने नकोट पहुंचे। दोनों नेता दोपहर करीब 12 बजे गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका परंपरागत तरीके से भव्य स्वागत किया। सांसद बलूनी के घर पर दोनों नेताओं ने उनकी चाची सुलोचना देवी से मुलाकात भी की। इसके बाद गो पूजा की गई और चंद्रबदनी मंदिर में भी पूजा अर्चना की गई। पारंपरिक नृत्य देख दोनों नेता अभिभूत हो गए। संबित पात्रा ने कहा कि बलूनी स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और जल्द ही गांव लौटेंगे। उन्होंने कहा कि परंपराओं को बढ़ावा देकर ही पहाड़ों में रिवर्स पलायन की कल्पना को साकार किया जा सकता है। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इगास पर्व पहाड़ की सांस्कृतिक धरोहर भी है। उन्होने सभी को पर्व की शुभकामनाएं भी दी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली भी उपस्थित थे।