RANCHI : महिलाओं के द्वारा अपने पति की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का व्रत रखना तो आम है, लेकिन कोई पति भी अपनी पत्नी के लिए व्रत रखे, ऐसा कम ही देखा जाता है। रांची के दो आईआईटीयंस ने इस वर्ष एक दूसरे के लिए करवाचौथ का व्रत रख समाज को एक नया संदेश देने की कोशिश की है। नेहा और अक्षित पेशे से इंजीनियर हैं और दोनों अलग-अलग शहरों में रहते हैं।

हाल में हुई है शादी

हाल ही में उनकी शादी हुई है। नेहा मुंबई में एक अमेरिकी कंपनी में काम करती हैं, तो अक्षित बेंगलुरु में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों ने इस बार एक दूसरे की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखा है।

विरासत को संजोने का है जज्बा

रांची निवासी घनश्याम और रीना अग्रवाल की पुत्री नेहा रोज 12 घंटे काम करती हैं। यही हाल अजमेर के मूल निवासी अक्षित का भी है। दोनच् उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजो कर रखने के पक्षधर हैं। यही वजह है कि जब नेहा ने अपना पहला करवाचौथ का व्रत रखने की बात कही, तो अक्षित ने भी व्रत का पालन करने की ठान ली। अक्षित कहते हैं कि उनकी पत्नी जब उनके लिए दीर्घायु की कामना करते हुए व्रत रख सकती हैं, तो वे क्यों नहीं?