- अंधेरे का फायदा उठाकर तीन आरोपी हुए फरार, तलाश में पुलिस दे रही दबिश

DEHRADUN: विकासनगरर कोतवाली अंतर्गत कुल्हाल में यमुना में अवैध खनन को रोकने गई पुलिस टीम ने तीन ट्रैक्टर ट्रालियां पकड़ी। भागते ट्रैक्टर को पकड़ने के चक्कर में चौकी प्रभारी कुल्हाल को भी चोटें आयी। घटना के बाद कुछ ही देर में कुल्हाल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। रात में ही छापेमारी की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने गिरफ्तार शातिर के खिलाफ चोरी व अवैध खनन आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि फरार दो वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।

पुलिस फरार चालकों की कर रही तलाश

विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कुल्हाल में गुरुवार की रात में 8-9 ट्रैक्टर यमुना में अवैध खनन में लगे हुए थे, पुलिस टीम के पहुंचने पर अवैध खनन कर रहे लोग अपने वाहनों को लेकर इधर-उधर भागे, पुलिस ने तीन वाहनों को पकड़ लिया, लेकिन इसी बीच खनन माफिया अकबर ने कुल्हाल चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार की ओर ट्रैक्टर मोड़ते हुए वाहन को तेज भगा दिया। वाहन को पकड़ने के चक्कर में चौकी इंचार्ज गिरकर घायल हो गए। देर रात हुए इस हादसे के बाद सीओ भूपेंद्र धोनी के नेतृत्व में डाकपत्थर, बाजार, हरबर्टपुर चौकियों की पुलिस के मौके पर पहुंचने के कारण कुल्हाल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। हिमाचल के पांवटा साहिब गुरुद्वारा के सामने यमुना तट पर अवैध खनन करने वाले चालक अपने वाहनों को लेकर हिमाचल सीमा में भाग निकले। पुलिस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक को घेर घोटकर आवश्यक पुलिस बल प्रयोग कर पकड़ लिया। दो ट्रैक्टर ट्रॉली यमुना नदी में फंसने के कारण उनके चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल हो गए। गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान अकबर निवासी कुल्हाल के रूप में बतायी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी, खनन अधिनियम आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। तीनों पकड़े वाहन अवैध खनन में सीज किए गए। प्रभारी कोतवाल गिरीश नेगी के अनुसार आरोपित को जेल भेज दिया गया है, अन्य चालकों की तलाश की जा रही है।