आगरा। थाना न्यू आगरा में दबंगों ने एक वृद्धा के मकान पर अवैध कब्जा करने के लिए मकान पर पथराव कर दिया। इस दौरान उसके मकान की दीवार गिरा दी गई। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इस मामले में उल्टा वृद्धा के धेवतों से ही पूछताछ कर डाली। आरोप है कि पुलिस इस मामले में राजीनामे का दबाव बना रही है। आरोपी के ऊंचे कॉन्टेक्ट्स बताए जाते हैं।

मकान पर करना चाहता है कब्जा

नगला पदी निवासी कलावती पत्नी राधा कृष्ण की अपने परिवार के साथ यहां रहती है। उसके दो धेवते विनोद व राजेश बचपन से उसके साथ रहते हैं। विनोद के मुताबिक नानी के पास 1100 गज जमीन है। इस जमीन पर एक दबंग कब्जा करना चाहता है। इस मामले को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। केस उनकी तरफ से मजबूत है।

दोपहर में किया पथराव

आरोप है कि दोपहर में दबंग अपने कई साथियों के साथ मकान पर कब्जा करने के लिए वहां पहुंच गया था। इस दौरान मकान पर ईट फिंकाई कर दी। मकान की बाउंड्री गिरा दी गई। इससे घर में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई।

पुलिस बना रही राजीनामे का दबाव

विनोद के मुताबिक पुलिस ने आरोपी की तरफ कोई कार्रवाई न करते हुए हमसे ही पूछताछ कर डाली। पुलिस ने मामले को हल्के में लिया। जबकि घर पर ईटें फेंकी गई। दीवार भी गिरा दी गई। तबेला तोड़ दिया। पीडि़त के मुताबिक हमलावर के किसी नेता से संबंध हैं।

थाना दिवस पर बुलवाया था

इंस्पेक्टर थाना न्यू आगरा अजय पाल सिंह के मुताबिक यह पारिवारिक विवाद है। थाना दिवस पर दूसरा पक्ष आया था। जबकि महिला को भी बुलवाया था वह कागज लेकर एसडीएम के सामने उपस्थित नहीं हो सकी थी। आज भी उसने कागज नहीं दिखाए हैं। मौके पर पुलिस पहुंच गई थी। जबरन बनाई जा रही दीवार के काम को रुकवा दिया गया है।