कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच दुबई में खेला गया वर्ल्डकप मुकाबला कीवियों के नाम रहा। न्यूजीलैंड ने भारत को 8 विकेट से हरा दिया। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 111 रन का लक्ष्य दिया था जिसे टीम ने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इसी के साथ भारत की मौजूदा टी-20 वर्ल्डकप में यह लगातार दूसरी हार है। ऐसे में भारत के अब सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई।

भारत के बल्लेबाज रहे फ्लाॅप
भारत की शुरुआत खराब रही। ओपनर ईशान किशन सस्ते में आउट हो गए। वह 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद केएल राहुल भी जल्दी आउट हो गए। राहुल 18 रन बनाकर टिम साउदी का शिकार बने। भारत का तीसरा विकेट रोहित शर्मा के रूप में गिरा। रोहित 14 रन बनाकर चलते बने। भारतीय कप्तान विराट कोहली 9 रन पर ईश सोढ़ी का शिकार बने। इसके बाद पंत और फिर पांड्या पवेलियन लौटते गए। आखिर में जडेजा ने 19 गेंदों में 26 रन की नाबाद पारी खेली जिसके चलते टीम इंडिया 100 रन के पार पहुंच पाई।

न्यूजीलैंड ने जीता टाॅस, भारत की पहले बैटिंग
भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्डकप कप 2021 का 28वां मैच आज दुबई में खेला जा रहा है। इस मैच को लेकर दोनों टीमें पूरी तैयारी के साथ यहां आई है। टाॅस हो चुका है। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टाॅस जीता और पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। यानी कि भारत इस मैच में पहले बैटिंग कर रहा है।

वर्ल्डकप में मिलती है हार
भारत में 2016 T20I विश्व कप में, कीवी टीम ने भारतीयों को 47 रनों से हराकर चौंका दिया था। इंग्लैंड में 2019 एकदिवसीय विश्व कप में, न्यूजीलैंड ने भी भारत को 18 रनों से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। न्यूजीलैंड ने पहले आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में भी भारत से बेहतर प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने इंग्लैंड में फाइनल में मेन इन ब्लू को एक बार फिर आठ विकेट से हराया। यही नहीं टी-20 विश्वकप में भी भारत, न्यूजीलैंड के खिलाफ आज तक नहीं जीता है।

टीम इंडिया ने किए दो बदलाव
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के लिए भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए। सूर्यकुमार यादव की पीठ में दर्द की शिकायत के चलते उन्हें रेस्ट की सलाह दी गई। ऐसे में सूर्या की जगह ईशान किशन को अंतिम 11 में शामिल किया गया। वहीं गेंदबाजी में एक चेंज किया गया, भुवनेश्वर कुमार की जगह शार्दुल ठाकुर टीम में आए।

भारत की प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), ईशान किशन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
मार्टिन गप्टिल, डेरिल मिशेल, केन विलियमसन (कप्तान), डेवोन कॉनवे (wk), ग्लेन फिलिप्स, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, टिम साउथी, एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी, ट्रेंट बाउल्ट।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk