जमशेदपुर : जिला प्रशासन की ओर से 73वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मनाया गया, जिसमें झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने राष्ट्रध्वज फहराया व तिरंगे को सलामी दी। समारोह को संबोधित करते हुए सरयू ने कहा कि देश का आजाद हुए 72 वर्ष हो गए। इतने वर्षो बाद हम दुनिया के पांच शक्तिशाली देश में शामिल हो गए हैं, तो खाद्यान्न सहित लगभग हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गए हैं। इसके बावजूद देश में विकास और खुशहाली अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच सकी है, क्योंकि भ्रष्टाचार को हम पूरी तरह दूर नहीं कर सके हैं।

कश्मीर में 370 बदनुमा दाग था

कश्मीर से धारा 35ए व 370 हटने पर कहा कि यह देश के मुकुट पर लगा बदनुमा दाग था। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह को जितनी भी बधाई दी जाए, कम होगी। आज पूरा देश कश्मीर पर लिए गए केंद्र सरकार के निर्णय के साथ खड़ा है। विकास की सहज गति का अंदाजा लगाया जा सकता है कि देश आज अंतरिक्ष में जाने लायक हो गया है। कुछ ही दिनों पहले चंद्रयान-2 लांच किया गया। हमारा देश उस विशिष्ट क्लब में शामिल हो गया है जिसका सपना आज भी हमारे पड़ोसी देश देख ही रहे हैं। कार्य संस्कृति में संवेदनशीलता जरूरी है। उसी संवेदनशीलता का परिणाम है कि देश में आज सामाजिक तनाव, सांप्रदायिक उन्माद पर नकेल कसा जा चुका है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की गतिविधियों का हमारे जवानों-पुलिसकर्मियों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। लोकहित और जनहित की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होने इस दिशा में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला द्वारा किए जा रहे कार्यो की भी सराहना की। कार्यक्त्रम के अंत में मंत्री स्वतंत्रता सेनानी, उनके आश्रितों व शहीदों के परिजनों, जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, पुलिस जवानों व मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया।

बीडीओ, थाना प्रभारी व पुलिस जवान सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंत्री सरयू राय ने उल्लेखनीय कार्यो के लिए जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। इनमें जलशक्ति अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य के लिए लेखराज नाग (प्रखंड विकास पदाधिकारी, चाकुलिया) व सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शंकराचार्य समद (प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटमदा), थाना प्रभारी अनिमेष गुप्ता (परसुडीह) व विष्णु प्रसाद (आजादनगर), टाइगर मोबाइल के जवान (आफताब आलम खान व हरिपद महतो), कनक सरदार (मुखिया, पंचायत हाथीबंधा, पोटका), चांदमुनी मांडी (चंद्रपुर आंगनबाड़ी केंद्र, बहरागोड़ा), दीपक कुमार श्रीवास्तव (बीएलई, हुरलुंग पंचायत, पूर्वी सिंहभूम), स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के लिए शिवशंकर बेरा (प्रखंड समन्वयक, चाकुलिया), पप्पू कर (प्रखंड समन्वयक, धालभूमगढ़), शकुंतला महतो (प्रखंड समन्वयक, पटमदा), नक्सल सरेंडर अभियान के तहत कापरा मार्डी (ग्राम दामुकोचा, डुमरिया) को चार डिसमिल आवासीय जमीन का बंदोबस्ती पट्टा और नियुक्ति पत्र दिया गया।

मेधावी छात्र

-सीबीएसई दसवीं : प्रभांशु त्रिपाठी (99.4 फीसद, डीएवी बिष्टुपुर), लक्ष्य जैन (99.2 फीसद, चिन्मया टेल्को), अनुराग आनंद (98.4 फीसद, डीएवी बिष्टुपुर)।

-आइसीएसइ दसवीं : वेदिका चंद्रा (99 फीसद, गुलमोहर हाईस्कूल), सौनक बनर्जी (99 फीसद, केएसएमएस), आयुष सिंह (98.6 फीसद, लिटिल फ्लावर स्कूल), शुभांगी सिंह (98.6 फीसद, सेक्रेड हार्ट कान्वेंट), सुमित अग्रवाल (98.4 फीसद, गुलमोहर स्कूल)।

-जैक मैट्रिक : धनंजय कुंभकार (96.8 फीसद, अपग्रेडेड हाईस्कूल, जोडि़शा पटमदा), रामजीवन सरदार (96.20 फीसद, एसएस प्लस-2 हाई स्कूल, पटमदा), अनिमा नायक (96 फीसद, सीडीएन हाईस्कूल, पचंडो), अभिनव पांडेय (96 फीसद, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा)।

-इसके साथ ही परेड के लिए सीआरपीएफ, आरएएफ , पुलिस जवान, पुलिस टुकड़ी, स्कूल की टुकड़ी, राष्ट्रगान व बैंड पार्टी में शामिल छात्र-छात्राओं की टीम को भी सम्मानित किया गया।