नई दिल्ली (एएनआई)। भारत में कोरोना वायरस मामलों की संख्या सोमवार को 31 लाख पार हो गई। हालांकि यहां पर इस महामारी से ठीक होने वालों का आंकड़ा भी ठीक है। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत के कोविड-19 रिकवरी रेट में 75.27 प्रतिशत का सुधार हुआ है। इस संबंध में मंत्रालय ने 'इंडिया फाइट्स कोरोना' के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, भारत की कोविड-19 रिकवरी दर 24 अगस्त, 2020 तक 75.27 प्रतिशत हो गई। मंत्रालय ने कहा 25 मार्च, 2020 को लॉकडाउन की शुरुआत के बाद से कोविड-19 रिकवरी रेट में सुधार हुआ है।

वर्तमान में कुल 7,10,771 मरीजों का हो रहा है इलाज

भारत में 31,06,348 लोगों में अब तक इस वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इसमें से 23,38,035 (75.3 प्रतिशत) मरीज ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं अब तक संक्रमण के कुल मामलों में 7,10,771 (22.88 प्रतिशत) मामले सक्रिय हैं। इनमें कुछ मरीजों का इलाज अस्पताल तो कुछ का घर पर हो रहा है। मंत्रालय के अनुसार के अनुसार 57,542 ( 1.85 प्रतिशत) लोगों ने अब तक इस वैश्विक वायरस के कारण दम तोड़ दिया।

रिकवरी रेट एक्टिव केसेज की तुलना में तीन गुना से अधिक

देश में सोमवार को बीते 24 घंटे में 61,408 नए कोविड-19 मामले सामने आए हैं। वहीं 836 नई मौतों के साथ यहां पर मृतकों का आंकड़ा 57,542 पहुंच गया है। वहीं इस बीच स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि रिकवरी रेट और कोविड-19 के एक्टिव केसेज के बीच की खाई लगातार चौड़ी होती जा रही है क्योंकि रिकवरी रेट एक्टिव मामलों की तुलना में तीन गुना से अधिक हैं।

National News inextlive from India News Desk