नई दिल्ली (पीटीआई)। भारत में कोरोना वायरस के 38,079 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार इन नए मामलों की वजह से देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,10,64,908 हो गई है। वहीं एक दिन में 560 और लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 4,13,091 पहुंच गई। 43,916 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 3,02,27,792 हुई। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,24,025 है। वहीं नेशनल कोविड-19 रिकवरी रेट 97.31 प्रतिशत है। सक्रिय कोविड-19 मामलों में 24 घंटे की अवधि में 6,397 की कमी आई है।

बीमारी से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 3,02,27,792 हो गई

मंत्रालय ने कहा कि शुक्रवार को 19,98,715 परीक्षण किए गए, जिससे देश में कोविड-19 का पता लगाने के लिए किए गए कुल परीक्षण 44,20,21,954 हो गए। आंकड़ों में कहा गया है कि बीमारी से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 3,02,27,792 हो गई है, जबकि मामले की मृत्यु दर बढ़कर 1.33 प्रतिशत हो गई है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत कुल वैक्सीन खुराक 39.96 करोड़ तक पहुंच गई है।

560 माैतों में महाराष्ट्र से 167 और केरल से 130 मौतें शामिल

मंत्रालय ने कहा कि 560 माैतों में महाराष्ट्र से 167 और केरल से 130 मौतें शामिल हैं। देश में कुल 4,13,091 मौतें हुई हैं, जिनमें महाराष्ट्र से 1,26,727, कर्नाटक से 36,079, तमिलनाडु से 33,652, दिल्ली से 25,023, उत्तर प्रदेश से 22,711, पश्चिम बंगाल से 17,980 और पंजाब से 16,215 मौतें हुई हैं। वहीं भारत ने 4 मई को दो करोड़ मामले और 23 जून को तीन करोड़ मामलों को पार किया था।

National News inextlive from India News Desk