नई दिल्ली (एएनआई)। Coronavirus In India : भारत में कोरोना वायरस मामलों में आज एक बड़ी उछाल दर्ज हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि देश में पिछले 24 घंटों में 3,47,254 नए कोविड ​​​​-19 मामले दर्ज किए और दैनिक सकारात्मकता दर 17.94 प्रतिशत रही है। संक्रमण के नए मामले कल की तुलना में 29,722 अधिक है। एक दिन पहले गुरुवार को भारत ने 3,17,532 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए हैं। आज जारी सरकार के आंकड़ों के अनुसार, साप्ताहिक सकारात्मकता दर 16.56 प्रतिशत रही।

मृतकों की संख्या में भी एक बड़ी उछाल दर्ज

नए मामलों के साथ-साथ देश में आज मृतकों की संख्या में भी एक बड़ी स्पाइक दर्ज हुई है। पिछले 24 घंटों में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 703 है। अब मरने वालों की संख्या 4,88,396 है। देश में दर्ज किए गए नए संक्रमणों के साथ, सक्रिय मामले बढ़कर 20,18,825 हो गए। मंत्रालय के अनुसार सक्रिय मामले कुल मामलों का 5.23 प्रतिशत हैं। पिछले 24 घंटों में 2,51,777 लोगों के ठीक होने की सूचना है। इसके साथ ही देश में अब तक 3,60,58,806 लोग ठीक हो चुके हैं। अभी रिकवरी रेट 93.50 फीसदी है।

अब तक ओमिक्रोन के 9,692 मामले दर्ज

देश ने अब तक कोविड-19 वेरिएंट ओमिक्रोन के 9,692 मामले दर्ज किए हैं। गुरुवार से इसके मामलों में 4.36 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटों में वायरस की मौजूदगी का पता लगाने के लिए 19,35,912 टेस्ट किए गए। 2020 में महामारी की शुरुआत के बाद से, 71.15 करोड़ परीक्षण किए गए हैं। इस बीच, देश में अब तक 160.43 करोड़ वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।

National News inextlive from India News Desk