कानपुर। पश्चिमी हिमालय में इन दिनों बने वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि बीते दिनों की अपेक्षा आज बर्फबारी की तीव्रता काफी कम रहेगी। वहीं इसकी वजह से उत्तर-पश्चिम भारत के पंजाब, हरियाणा , दिल्ली और यूपी समेत अन्य मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर बादल छाए रहेंगे। वहीं कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने व ओले गिरने की भी संभावना है।
उत्तर प्रदेश में घना कोहरा भी रहेगा
इतना ही नहीं आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में घना कोहरा भी रहेगा। इसके अलावा ओडिशा और गुजरात के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की आशंका है। वहीं माैसम वैज्ञानिकों की मानें तो एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को 4 फरवरी से और उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों को 5 फरवरी से प्रभावित कर सकता है। इससे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
National News inextlive from India News Desk