कानपुर। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आज पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के कुछ मैदानी इलाके गंभीर रूप से प्रभावित रहेंगे। अगले 24 घंटों तक फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय माैसम विभाग के वैज्ञानिकों की मानें तो जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार है। यहां बीते दो दिनों से घर से लेकर सड़कों तक बर्फ की चादर सी बिछी है। इन राज्यों के ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट हुई है। बारिश और बर्फबारी की वजह से कई जगहों पर रास्ते भी बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ पर्यटकों को ज्यादा ऊंचाई की ओर भी जाने से रोका जा रहा है।

आज इन राज्यों में बारिश के आसार

वहीं वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर उत्तर पश्चिमी भारत में भी है। यहां के अधिकांश इलाकों में आज बारिश की आशंका बनी है।  पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश वालों को आज भी अलर्ट रहने की जरूरत है। यहां अगले 24 घंटे तक बारिश होने के आसार हैं। कुछ इलाकों में तो काफी ज्यादा बारिश हो सकती है। ओले गिरने की भी आशंका है। इतना ही नहीं हवाओं की गति भी काफी तेज रहेगी। ऐसे में एक बार फिर मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के भी आसार है। 24 जनवरी को उत्तर मध्य प्रदेश और 25 जनवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी ओलावृष्टि हो सकती है।

National News inextlive from India News Desk