नई दिल्ली (आईएएनएस)। भारत सरकार ने 59 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगाने के करीब एक महीने बाद देश में 47 और चीनी ऐप्स को बंद कर दिया है, जो पहले से प्रतिबंधित ऐप्स के क्लोन थे। इन मोबाइल एप्लिकेशन की लिस्ट बहुत जल्द रिलीज की जाएगी। हाल ही में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सभी 59 चीनी एप कंपनियों से प्रतिबंध का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है। संचार मंत्रालय द्वारा इन सभी कंपनियों को पत्र लिखते हुए चेतावनी दी गई है कि प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इन प्रतिबंधित ऐप्स की उपलब्धता और संचालन न केवल अवैध है बल्कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य कानूनों का उल्लंघन है। मंत्रालय ने उल्लंघन के मामले में गंभीर कार्रवाई का सामना करने का निर्देश दिया है।
टिक टाॅक सहित 59 चीनी ऐप पर प्रतिबंध
बता दें कि लद्दाख में चीनी और भारतीय सेना के बीच हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिकों की शहादत से सीमा पर दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया था। ऐसे में 29 जून को सरकार ने देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए टिक टाॅक, वीचैट और यूसी ब्राउजर और श्याओमी के एम आई कम्युनिटी सहित 59 चीनी ऐप पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस दाैरान मंत्रालय ने कहा कहा था कि हाल में प्राप्‍त विश्वसनीय इनपुट से पता चलता है कि ऐसे ऐप भारत की संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा पैदा करते हैं। इसलिए भारत सरकार ने मोबाइल और गैर-मोबाइल इंटरनेट सक्षम उपकरणों में उपयोग किए गए कुछ ऐप के उपयोग पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस कदम से करोड़ों भारतीय मोबाइल उपयोगकर्ताओं के हितों की रक्षा होगी।

National News inextlive from India News Desk