- करीब एक घंटे तक इमरजेंसी में नहीं मिला इलाज

- प्राचार्य तक मामला पहुंचा, तब डॉक्टरों ने भर्ती की महिला

आगरा: चाकू से जानलेवा हमले में घायल हुई महिला को एसएन इमरजेंसी में इलाज नहीं मिला। एक घंटे तक वह बिना इलाज के पड़ी रही। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तक मामला पहुंचने के बाद उसे भर्ती किया गया।

ताजगंज के राजीव नगर में 26 वर्षीय आरती की शादी छह वर्ष पहले राजीव कुमार से हुई थी। उनके चार वर्ष का बेटा भी है। सोमवार को आरती घर में अकेली थी। उसका पति दिल्ली में चालक है। दोपहर के समय राजू ने घर में घुसकर आरती के पेट में चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर वह भाग गया। पुलिस उसे लेकर एसएन इमरजेंसी पहुंच गई। वहां डॉक्टरों ने ड्रेसिंग करके भर्ती करने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि जिला अस्पताल में मेडिकोलीगल कराने को ले जाओ। वे भर्ती नहीं करेंगे। करीब एक घंटे तक वह बेड पर बिना इलाज के पड़ी रही। सीओ सदर विकास जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामला अधिकारियों के संज्ञान में लाया। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तक मामला पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया। प्राचार्य डॉ। जीके अनेजा का कहना है कि भ्रम की स्थिति पैदा होने के कारण महिला के भर्ती होने में देर हुई थी। अब उसका इलाज चल रहा है।