- पर्व के मद्देनजर परखीं साफ-सफाई की व्यवस्थाएं

- मंटोला नाले पर जाली लगाकर कतरन रोकने का प्रयास

आगरा। नगरायुक्त ने मंगलवार को मंटोला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मुस्लिम त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। इस बीच उन्होंने मंटोला नाले का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने प्रयोग के तौर पर मंटोला नाले में नाली लगाने की बात कही है।

डाली जाती है चमड़े की कतरन

मंटोला नाले की सफाई में सबसे बड़ा रोड़ा चमड़े की कतरन पैदा करता है। निगम की गाडि़यां वहां से लगातार नाले की कचरा निकालती हैं, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा डाली जा रही कतरन से नाली की सफाई में बाधा पैदा होती है।

जाली लगाने का प्रयोग

नगरायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए निर्देश दिए गए हैं। नाले में चमड़े की कतरन सबसे बड़ी समस्या है। प्रयोग के तौर पर वहां जाली लगाकर कतरन को रोकने का प्रयास करने की योजना है। प्रयोग के तौर पर आधी जाली लगाई जाने की प्लानिंग है। जिससे फ्लोटिंग मेटेरियल को रोककर पानी निकलता रहे। जाली पर रुकी कतरन को मशीनों से उठाकर साफ किया जा सके।

अतिक्रमण भी समस्या

नाले पर अतिक्रमण भी प्रमुख समस्या है। यहां लोगों ने दुकानें बना रखी हैं। जिससे चलते रोजाना कई ट्रैक्टर कूड़ा नाले में रोजाना डाला जाता है। निगम के लिए यह एक बड़ी समस्या है।

नालों की सफाई करा रहा निगम

गौरतलब है कि नगर निगम इन दिनों सिटी के बड़े और छोटे नालों की सफाई करा रहा है। ताकि मानसून में जलभराव की समस्या न रह सके। सिटी में करीब 300 छोटे और 20 बड़े नाले हैं। जिनकी सफाई का कार्य किया जा रहा है। जेडएसओ सीपी शर्मा ने बताया कि निगम की गाडि़यां दिन में नालों की सफाई करती हैं और रात को सिल्ट उठवाई जा रही है।