- कई दिन से गायब है गार्ड का बेटा, मर्डर की आशंका जताई गई

- किडनैप करके बेटे को गायब करने के मामले में तीन दोस्तों पर एफआईआर

ALLAHABAD:

सिविल लाइंस के महक अपार्टमेंट के गार्ड राम किशोर गुप्ता का बेटा आशीष सात दिन से गायब है। इंटर का स्टूडेंट आशीष 12 फरवरी को न्यू ममफोर्डगंज स्थित पुराने घर गया था लेकिन लौटकर नहीं आया। परिवार वालों ने किडनैप कर मर्डर की आशंका जताते हुए आशीष के तीन दोस्तों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस की जांच में पता चला है कि गायब होने की रात आशीष का दोस्तों से झगड़ा हुआ था।

चित्रकूट का है रहने वाला

18 साल का आशीष मूलरूप से चित्रकूट के पुरानी बाजार का रहने वाला है। आशीष के पिता राम किशोर इस वक्त महक अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड हैं। आशीष 12 फरवरी की रात अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह न्यू ममफोर्डगंज जा रहा है। वह नहीं लौटा तो घर वालों ने खोजबीन शुरू की। पता चला कि विकास भवन के पास रहने वाले बिल्लू, शानू और राजेश से आशीष की मुलाकात हुई थी। रात में ही दोस्तों से आशीष का झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद से ही आशीष लापता है।

किडनैपिंग में तब्दील हुई रिपोर्ट

जब आशीष के बारे में कोई सुराग नहीं मिला तो पिता ने किडनैप कर मर्डर की आशंका जताई। सिविल लाइंस पुलिस ने इसपर एफआईआर दर्ज कर ली। बिल्लू, शानू व राजेश से पूछताछ हुई है और उनकी फैमिली के लोगों से भी। झगड़े की वजह क्लीयर नहीं है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस महेश पांडेय ने बताया कि आशीष का मोबाइल बंद है। लास्ट लोकेशन कटरा इलाके में मिली है। इन्वेस्टिगेशन एसआई रणजीत बहादुर सिंह को सौंपी गई है।