- तीन के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, एक आरोपित किशोरी के भाई का दोस्त

- पुलिस ने मुख्य आरोपित को किया गिरफ्तार, सूचना पर एसपीआरए, सीओ मौके पर पहुंचे

खंदौली। घर में घुसकर किशोरी से नाबालिग ने दुष्कर्म किया। शनिवार सुबह इसकी जानकारी के बाद पुलिस ने नामजद तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपित पीडि़ता के भाई का दोस्त बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खंदौली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी आठवीं कक्षा तक पढ़ी है। उसके पिता की दुकान है, मां भी नौकरी करती हैं। किशोरी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे वह घर में अकेली थी। उसी दौरान 16 वर्षीय इंटरमीडिएट का छात्र अपने साथी प्रदीप उर्फ पौपा और शिवम के साथ आ गया। प्रदीप और शिवम घर के बाहर पेड़ के नीचे खड़े हो गए जबकि छात्र उसे धकेलते हुए अंदर ले गया। जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध पर उसे धमकी भी दी। शर्मनाक हरकत के बाद आरोपित भाग निकले। घबराई किशोरी ने इसकी जानकारी शनिवार सुबह अपने बड़े भाई को दी। पता चलते ही स्वजन भी घर पहुंच गए। सभी थाने पहुंचे और हकीकत बताई। सूचना मिलते ही एसपीआरए रविकुमार, सीओ अतुल सोनकर भी पहुंच गए। एसपीआरए के मुताबिक पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। नाबालिग मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है।

पहले सामूहिक दुष्कर्म और लूट का लगाया आरोप

थाने पहुंची किशोरी की मां ने आरोप लगाया था कि तीन युवकों ने उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपित उनके घर में अलमारी में रखे 20 हजार रुपये और सोने के कुंडल भी ले गए। हालांकि बाद में वे अपने बयान से पलट गई। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म तीन ने नहीं, बल्कि एक ने ही किया। लूट की बात से भी उन्होंने इन्कार कर दिया। महिला के मुताबिक एक आरोपित उनके बेटे का दोस्त है। उसका पहले से घर पर आना जाना था।

पत्‍‌नी की हत्या में जेल जा चुका है एक आरोपित

एक आरोपित प्रदीप उर्फ पौपा तीन साल पहले पत्‍‌नी की हत्या में जेल जा चुका है। दूसरे आरोपित शिवम की शादी डेढ़ साल पहले हुई है। वह सब्जी का फड़ लगाता है। घटना के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस ने शनिवार की रात उनके संभावित स्थान पर दबिश दी लेकिन वे नहीं मिले।