-इंटर स्टेट पुलिस को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक में लिया गया निर्णय

-बिहार के डीजीपी भी रहे मौजूद, झारखंड से सटे सीमा पर आपसी समन्वय से चलेगा अभियान

RANCHI: झारखंड व बिहार की सीमा पर नक्सलियों के विरुद्ध अभियान तेज होगा। इसमें दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय से अभियान चलाएगी। यह निर्णय बुधवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित इंटर स्टेट पुलिस को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक में बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय भी मौजूद थे। सहमति बनी है कि बिहार-झारखंड के सीमावर्ती जिले गिरिडीह-जमुई, चतरा-गया, हजारीबाग-गया, पलामू-औरंगाबाद में संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। इसमें दोनों राज्य अपनी खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे ताकि कारगर अभियान चलाकर नक्सलियों का सफाया किया जा सके। इसके लिए एक कार्ययोजना तैयार की गई है।

पहले के अभियानों की समीक्षा

बैठक में पूर्व के अभियानों की समीक्षा भी की गई। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने यह स्वीकारा कि उनका आपसी संपर्क व समन्वय का बेहतर असर पड़ा है। आपसी समन्वय से ही बेहतर अभियान चलाया गया है। इससे पूर्व में सफलताएं हाथ लगी हैं। बैठक में राज्य के पुलिस महानिदेशक कमल नयन चौबे, बिहार के पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडेय, एडीजी विशेष शाखा अजय कुमार सिंह, एडीजी ऑपरेशन मुरारी लाल मीणा, आइजी सीआरपीएफ राजकुमार, आइजी ऑपरेशन साकेत कुमार सिंह, एसपी नक्सल धनंजय कुमार आदि मौजूद थे।