पूर्व फौजी बना झांसेबाजों का शिकार, पुलिस जुटी तहकीकात में

देहरादून: इन्वेस्टमेंट प्लान के नाम पर ठगों ने सेवानिवृत्त फौजी से 11 लाख 24 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

रकम दुगुनी करने का लालच

नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के माजरी माफी निवासी सुनील सेमवाल कुछ साल पहले सेना से रिटायर हुए। मई 2019 में उनको फ्यूचर इन्वेस्टमेंट कंपनी की ओर से फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने कम समय में दोगुना लाभ अर्जित करने वाली पॉलिसी की जानकारी दी। लालच में आए फौजी ने पांच से ज्यादा पॉलिसी ले ली। इस दौरान आरोपितों के बैंक खातों में अलग-अलग किश्तों में रकम ट्रांसफर करा दी गई। पीडि़त ने कुल 11 लाख 24 हजार आठ सौ रुपये पॉलिसी के नाम पर जमा करा दिए। आरोपितों ने कुछ समय बाद ही दोगुनी धनराशि लौटाने का भरोसा दिया।

मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच

पीडि़त ने दो माह बाद आरोपितों को फोन कर रकम वापस मांगी तो वे टालमटोल करने लगे। इस बारे में पीडि़त ने अन्य जगहों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि इन्वेस्टमेंट क्षेत्र में फ्यूचर इन्वेस्टमेंट नाम से कोई फर्म रजिस्टर्ड नहीं है। तब पूर्व फौजी को ठगे जाने का एहसास हुआ। नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में मोबाइल नंबरों की लोकेशन और आईडी की जांच की जा रही है।