कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। आईपीएल 2020 का आधे से ज्यादा सफर पूरा हो गया है। इस दौरान कई खिलाड़ी चोटिल हुए। चोटों से सबसे ज्यादा परेशान दिल्ली कैपिटल्स की टीम रही। जिनके कई खिलाड़ी घायल होकर टूर्नामेंट से बाहर हुए। उंगली में चोट के चलते स्पिनर अमित मिश्रा टीम का साथ छोड़ चुके हैं। उनकी जगह लेगस्पिनर प्रवीण दुबे को दिल्ली कैपिटल्स में शामिल किया गया है। 3 अक्टूबर को उंगली में चोट लगने और बाद में सर्जरी की जरूरत के कारण मिश्रा को आईपीएल से बाहर कर दिया गया था।

यूपी का क्रिकेटर खेलता है कर्नाटक से
प्रवीण दुबे, जो उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, लेकिन कर्नाटक के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 2016 और 2017 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने दुबे को खरीदा था मगर वह कभी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना पाए। अब दुबे की नई फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स है। DC की टीम इस समय टाॅप पर है। ऐसे में आगे के मैचों में टीम एक्सपेरिमेंट करना चाहे तो दुबे को अंतिम 11 में मौका दे सकती है। दुबे अगर आईपीएल में खेलने उतरते हैं तो सभी के लिए ये मिस्ट्री गेंदबाज होंगे।

ऐसा है घरेलू प्रदर्शन
दुबे ने 2019 के सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आठ मैचों में छह विकेट लिए और कर्नाटक ने घरेलू टी 20 टूर्नामेंट जीता। कर्नाटक प्रीमियर लीग में प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद, दुबे ने 2015-16 में कर्नाटक सूची-ए में जबरदस्त गेंदबाजी की। कुल मिलाकर, दुबे ने 14 T20 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 19.12 के औसत से 16 विकेट लिए और उनकी 6.87 की इकॉनोमी रही। आर अश्विन, एक्सर पटेल और संदीप लामिछाने के साथ, दुबे अब दिल्ली कैपिटल टीम में चौथे स्पिन गेंदबाज और दूसरे लेग स्पिनर हैं।