कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL 2020 के पहले डबल हेडर मुकाबले में दूसरी भिड़ंत दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकात नाइट राइडर्स के बीच हुई। ये मुकाबला शारजाह क्रिकेट मैदान पर खेला गया। यह वो मैदान है जहां खूब छक्के लगते हैं। शनिवार को भी ऐसा ही देखने को मिला, दिल्ली और कोलकाता के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ पारियां खेली। मैच में 400 से ज्यादा रन बने। अंत में कोलकाता नाइट राइडर्स 20 रन से चूक गई और जीत का सेहरा दिल्ली कैपिटल्स के सिर सजा।

मैच में लगे कुल 28 छक्के
शारजाह का मैदान काफी छोटा है। यहां पावर हिटर के लिए छक्के लगाना काफी आसान है। DC vs KKR के मैच में यह देखने को भी मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। श्रेयस अय्यर से लेकर पृथ्वी शाॅ तक सभी ने महत्वपूर्ण पारी खेली। दिल्ली की टीम ने कुल 14 छक्के लगाए। इतने ही सिक्स केकेआर के बल्लेबाजों के बल्ले से भी निकले। केकेआर की तरफ से सबसे ज्यादा 5 सिक्स मोर्गन ने मारे।

मैच में बने 438 रन
आईपीएल 2020 में अभी तक किसी मैच में सबसे ज्यादा रन बने हैं तो ये ही मुकाबला है। दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 88 रन श्रेयस अय्यर ने बनाए। अय्यर ने 38 गेंदों में ताबड़तोड़ पारी खेली। इस इनिंग में अय्यर ने 6 छक्के लगाए। इसके अलावा पृथ्वी शाॅ ने 41 गेंदों में 66 रन की पारी खेली उन्होंने 4 छक्के मारे। लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर ने 8 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए और 18 रन से मैच गंवा दिया।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम बनी टेबल टाॅपर
दिल्ली कैपिटल्स की टीम के खाते में 3 जीत हो गई है। इसी के साथ उनके 6 अंक हो गए। दिल्ली कैपिटल्स की टीम मौजूदा वक्त में प्वाॅइंट्स टेबल में टाॅप पर है। हालांकि इतने ही प्वाॅइंट राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर के भी है मगर रन रेट के मामले में दिल्ली की टीम आगे है। DC और RCB को छोड़कर किसी और टीम ने इस आईपीएल में तीन मुकाबले नहीं जीते हैं।