कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL का 13वां सीजन आखिरकार खत्म हो गया। मुंबई इंडियंस ने एक बार फिर बाजी मारी और फाइनल मुकाबला अपने नाम किया। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस खिताबी जंग में मुंबई की पलटन ने पांच विकेट से जीत हासिल की। दुबई में खेले गए इस मैच में डीसी के कैप्टन श्रेयस अय्यर ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 156 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 18.4 ओवर में ही जीत हासिल कर ली।

ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी
पहली बार फाइनल खेल रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम पर दबाव बहुत था। यही वजह रही कि मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट जब बाॅलिंग करने आए तो पहली ही गेंद पर विकेट ले गए। बोल्ट ने मार्कस स्टोयनिस को गोल्डन डक आउट किया। यह कीवी गेंदबाज यहीं नहीं रुका। इसके बाद बोल्ट ने दो और बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। बोल्ट ने अपने 4 ओवर के खाते में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। इसमें पहला शिकार उन्होंने स्टोयनिस का किया। उसके बाद अजिंक्य रहाणे और फिर शिमरन हेटमाॅयर को चलता किया। शुरुआती तीन विकेट गिरने के चलते दिल्ली बड़ा स्कोर नहीं खड़ा कर पाई।

रोहित शर्मा की मैच विनिंग पारी
दिल्ली कैपिटल्स द्वारा मिले 157 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा ने जीत दिलाई। रोहित बड़े मैच के प्लेयर क्यों है, ये बात उन्होंने साबित कर दी। हिटमैन ने 51 गेंदों में 68 रन बनाए जिसमें चार छक्के और पांच चौके शामिल हैं। इस पारी के चलते मुंबई के लिए लक्ष्य का पीछा करना आसान हो गया। इसके बाद इशान किशन ने 19 गेंदों में नाबाद 33 रन की पारी खेली जिसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल है।

पांचवी बार जीता खिताब
मुंबई इंडियंस ने पांचवीं बार आईपीएल ट्राॅफी अपने नाम की है। इसी के साथ पांच खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस पहली टीम बन गई है। MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब अपने नाम किया। ये पांचों ट्राॅफी रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में जीती।