कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL 2020 का 13वां मैच गुरुवार को MI vs KXIP के बीच अबूधाबी में खेला गया। इस मैच में KXIP के कप्तान केएल राहुल ने टाॅस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया। मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 191 रन बनाए। जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब की टीम 20 ओवर में 143 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ ही MI के खाते में चार अंक हो गए और वह मौजूदा सीजन में अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंच गई।

मुंबई ने 5 ओवर में बनाए 90 रन
मुंबई इंडियंस ने काफी धीमी शुरुआत की थी। एक वक्त लग रहा था कि मुंबई की टीम 150 रन के आसपास पहुंचेगी। मगर आखिरी के पांच ओवरों में MI के बल्लेबाजों ने जमकर धुनाई की। इस दौरान पोलार्ड और पांड्या ने विस्फोटक पारी खेली अौर 30 गेंदों में 90 रन बना दिए। इसी के साथ मुंबई का स्कोर 191 रन पर पहुंच गया।

मुंबई इंडियंस की जीत के हीरो

रोहित शर्मा
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने इस जीत में बड़ा योगदान दिया। रोहित ने पारी की धीमी शुरुआत भले की, मगर अंत में उन्होंने तेजी से रन बनाए। रोहित ने 45 गेंदों में 70 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। एक वक्त लग रहा था कि रोहित शतक बना देंगे मगर मोहम्मद शमी की गेंद पर बड़ा शाॅट लगाने के चक्कर में वह जिमी नीशम को कैच थमा बैठै।

कीरोन पोलार्ड
इस आईपीएल में अगर किसी विंडीज खिलाड़ी का बल्ला चल रहा है तो वो कीरोन पोलार्ड हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 20 गेंदों में 47 रन की इनिंग खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले। पंजाब की तरफ से अंतिम ओवर फेंकने आए के गौतम की छह गेंदों में पर पोलार्ड ने 26 रन बटोरे। इसमें चार छक्के शामिल हैं।

जसप्रीत बुमराह
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की लय अभी तक बिगड़ी हुई थी। मगर इस मैच में बुमराह ने जबरदस्त वापसी की। बुमराह ने अपने चार ओवर के कोटे में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। बुमराह ने मयंक अग्रवाल का विकेट लिया और दूसरा शिकार जिमी नीशम का किया।