कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। आईपीएल 13 की शुरुआत होने में बस तीन दिन बचे हैं। इस बार खिताब उसी के सिर सजेगा जो मैदान पर बेहतर प्रदर्शन दिखाएगा। मैदान में अच्छा परफाॅर्म वही करता है जो फिट होता है। फिटनेस की बात आती है तो कई खिलाड़ी उम्र को मात देते हैं मगर अंत में एज फैक्टर मायने रखता ही है। आइए जानें किस टीम में कौन खिलाड़ी है सबसे बुजुर्ग।

राजस्थान राॅयल्स
राजस्थान राॅयल्स इस सीजन की ऑन एवरेज सबसे युवा आईपीएल टीम है। इस टीम में खिलाड़ियों की औसत उम्र 25.68 वर्ष है। इसके बावजूद टीम में एक खिलाड़ी ऐसा है जो राजस्थान का सबसे उम्रदराज खिलाड़ी है। ये प्लेयर कोई और नहीं बल्कि राॅबिन उथप्पा हैं। उथप्पा की उम्र 34 साल है और टीम में सभी खिलाड़ी उनसे छोटे ही हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद
26.68 साल की उम्र के साथ सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आईपीएल 2020 की दूसरी सबसे युवा टीम है। हालांकि बाकी खिलाड़ियों की उम्र चाहे कम हो मगर टीम में एक ऑलराउंडर है जिसकी उम्र सबसे ज्यादा है। ये खिलाड़ी हैं अफगानिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद नबी जिनकी उम्र 35 साल है।

किंग्स इलेवन पंजाब
पंजाब की टीम के सबसे बूढ़े खिलाड़ी की बात करें तो पहला नाम क्रिस गेल का आता है। बाएं हाथ का यह विस्फोटक बल्लेबाज अब 40 साल का हो चुका है। हालांकि गेल को छोड़कर टीम के बाकी सदस्य काफी युवा हैं। यही वजह है किंग्स इलेवन पंजाब टीम की औसत उम्र 26.76 साल है।

मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस के सबसे ज्यादा उम्र के खिलाड़ी मिचेल मैक्लेघन हैं। बाएं हाथ का यह तेज गेंंदबाज 34 साल का है, हालांकि वैसे टीम के सबसे सीनियर सदस्य लसिथ मलिंगा थे जो 36 साल के हैं मगर वो यह सीजन खेलेंगे नहीं। वहीं टीम के कप्तान रोहित शर्मा की उम्र 33 साल है।

दिल्ली कैपिटल्स
मुंबई इंडियंस से पीछे दिल्ली कैपिटल्स सबसे कम औसत उम्र के मामले में पांचवें नंबर पर है। टीम की एवरेज एज 27.72 साल है। दिल्ली की टीम के सबसे सीनियर प्लेयर अमित मिश्रा है जिनकी उम्र 37 साल है। इतनी उम्र के बावजूद अमित की गेंदबाजी में आज भी वही जादू बरकरार है।

राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर
इस लिस्ट में छठे नंबर पर राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम है जिनकी औसत उम्र लगभग 30 के करीब है। टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी तेज गेंदबाज डेल स्टेन हैं जिनकी उम्र 37 साल है। इस उम्र में आकर स्टेन अपनी तेज रफ्तार गेंदों से बल्लेबाजों को कितना डरा पाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।

चेन्नई सुपर किंग्स
सीएसके की टीम को सबसे बूढ़ी टीम माना जाता है। टीम की औसत उम्र 31.41 साल है। टीम के 24 सदस्यों में 13 तो 30 की उम्र के पार है। धोनी की टीम के सबसे बड़े खिलाड़ी इमरान ताहिर हैं। ताहिर की उम्र 41 साल है।

कोलकाता नाइट राइडर्स
औसतन उम्र के मामले में केकेआर सबसे निचले पायदान पर है। टीम की औसत उम्र 31.61 साल है। केकेआर के सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी दिनेश कार्तिक हैं जिनकी उम्र 35 साल है।