कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। IPL 2020 में सोमवार को लीग स्टेज का 55वां मैच राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। ये मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम था। अंत में बाजी श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स ने मारी। डीसी ने आरसीबी को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ के लिए क्वाॅलीफाई कर गई। वहीं विराट कोहली की टीम भी अच्छे रन रेट के चलते क्वाॅलीफाई करने में सफल रही।

धवन और रहाणे ने खेली मैच विनिंग पारी
राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने एक ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। डीसी को जीत दिलाने में उनके प्रमुख बल्लेबाजों शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे का अहम योगदान रहा। धवन ने 41 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें छह चौके शामिल है। वहीं रहाणे ने 46 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। इसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था।

दूसरे नंबर पर पहुंची दिल्ली कैपिटल्स
आरसीबी को हराकर दिल्ली कैपिटल्स की टीम 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई। डीसी ने 14 मैच खेले जिसमें 8 में जीत दर्ज की। हालांकि दिल्ली का दूसरे स्थान पर पहुंचना इसलिए भी फायदेमंद है क्योंकि उन्हें फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलेंगे। अब दिल्ली का सामना प्लेऑफ में मुंबई इंडियंस से होगा, जो टीम यह मैच जीतेगी वह सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा।

आखिरी स्थान के लिए लड़ाई
आईपीएल 2020 में तीन क्वाॅलीफायर टीमें तो मिल गईं। मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और राॅयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बाद अब आखिरी टीम का इंतजार है। चौथे स्थान के लिए केकेआर और सराइजर्स हैदराबाद की टीमें रेस में लगी है। आज लीग मैच का आखिरी मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। इसमें अगर हैदराबाद जीत जाता है तो वह क्वाॅलीफाई कर जाएंगे वहीं MI की जीत केकेआर को अंतिम चार में पहुंचा देगी।