चेन्नई (एएनआई)। दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर अमित मिश्रा ने एमआई के खिलाफ जीत में अहम योगदान दिया। मिश्रा ने चार बड़े विकेट लिए, जिसमें एक शिकार रोहित शर्मा का था। रोहित के खिलाफ मिश्रा खास प्लानिंग के साथ गेंदबाजी करने उतरे। स्पिनर ने बताया कि वह हमेशा रोहित शर्मा को फ्लाइट से चकमा देते हैं और हमेशा मुंबई इंडियंस के कप्तान से दूर गेंद फेंकने की कोशिश करते। लेग स्पिनर मिश्रा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शिखर धवन और स्टीव स्मिथ के क्रमश: 45 और 33 रन की पारी खेलने से पहले गेंदबाजी में कमाल दिखाया। जिसके चलते दिल्ली कैपिटल ने मंगलवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में जीत दर्ज की।

अमित की खास गेंदबाजी का राज
दिल्ली कैपिटल को अंतिम दो ओवरों में 15 रन चाहिए थे और शिम्रोन हेटमेयर और ललित यादव ने अंत में टीम को जीत दिलाई। मिश्रा ने पृथ्वी शॉ को आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में बताया, 'जाहिर है, मैं अपने प्रदर्शन से अच्छा महसूस कर रहा हूं क्योंकि यह मुंबई इंडियंस के खिलाफ आया था। मुंबई के पास यहां चेन्नई में खेलने का अनुभव है लेकिन हम उन्हें यहां हराने में कामयाब रहे। मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। मैं हमेशा बाहर गेंद फेंकने की कोशिश करता हूं। रोहित के खिलाफ गेंद को गति नहीं देता। मैं हमेशा उसे फ्लाइट से चकमा देता हूं ताकि वह एक शॉट की कोशिश करे जो उसकी ताकत नहीं है।'

मलिंगा का रिकाॅर्ड तोड़ने पर नजर
मिश्रा ने आगे कहा, 'मैं हमेशा अधिक से अधिक विकेट लेने की कोशिश करूंगा और अगर मैं लसिथ के रिकॉर्ड को तोड़ने में सक्षम हूं तो यह काफी अच्छा होगा।" बता दें मलिंगा आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मुंबई इंडियंस पहले छह ओवर में 55 रन के साथ एक विशाल स्कोर की ओर बढ़ रही थी, लेकिन मिश्रा ने अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया और रोहित शर्मा, कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पांड्या और इशान किशन को पवेलियन भेजकर बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मैच रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।