कानपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का बाजार बुधवार को कोलकाता में सज रहा है। आईपीएल के अगले सीजन के लिए, जोकि 2020 में खेला जाएगा। उसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी आज की जाएगी। आईपीएल की सभी आठ फ्रेंचाइजी ने अपने बड़े-बड़े प्लेयर्स को पहले ही रिटेन कर लिया है। अब जो स्लाॅट उनके पास बचे हैं, उसके लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। इस बार नीलामी में कुल 332 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे। आइए जानें इसमें कितने विदेशी हैं।

148 विदेशी खिलाड़ी उतरे नीलामी में
आईपीएल 2020 के लिए नीलामी में कुल 971 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था जिसमें छांटकर सिर्फ 338 प्लेयर्स की लिस्ट बनाई गई है। इनमें देशी और विदेशी दोनों खिलाड़ी हैं। फाॅरेन प्लेयर्स की बात करें तो, इस बार नीलामी में कुल 148 विदेशी चेहरे दिखाई देंगे। हालांकि इसमें से 145 तो बड़ी टीमों के है जबकि तीन प्लेयर एसोसिएट देशों से हैं। देखिए आईपीएल नीलामी में हिस्सा ले रहे विदेशी खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट


सबसे ज्यादा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के
आईपीएल 2020 नीलामी में सबसे ज्यादा विदेशी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के हैं। कंगारु टीम से कुल 35 खिलाड़ी ऑक्शन में हिस्सा लेंगे। वहीं साउथ अफ्रीका के 23, इंग्लैंड के 22, वेस्टइंडीज के 19, न्यूजीलैंड के 18, श्रीलंका के 14, अफगानिस्तान के 7, बांग्लादेश के 5 और स्काॅटलैंड, यूएई और यूएसए के एक-एक क्रिकेटर शामिल हैं।

सबसे महंगे हैं ये 7 विदेशी खिलाड़ी
इस बार आईपीएल नीलामी में सबसे ज्यादा बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये रखा गया है और इस ब्रैकेट में शामिल सभी सात खिलाड़ी विदेशी हैं। इसमें ग्लेन मैक्सवेल और क्रिस लिन पर सबकी नजरें टिकी हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपना आधार मूल्य अधिकतम 2 करोड़ रुपये निर्धारित किया है। मैक्सवेल और लिन के अलावा, 2 करोड़ रुपये के आधार मूल्य को लिस्टेड करने वाले अन्य में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड, ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर मिशेल मार्श, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन और श्रीलंका के बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज हैं।


1.5 करोड़ वाले विदेशी खिलाड़ी
दो करोड़ के बेस प्राइज के बाद सबसे महंगी लिस्ट 1.5 करोड़ की है। जिसमें सिर्फ एक भारतीय है जोकि राॅबिन उथप्पा हैं। वहीं बाकी सभी फाॅरेन प्लेयर्स हैं। जिसमें शॉन मार्श (ऑस्ट्रेलिया), केन रिचर्ड्सन, इयोन मोर्गन (इंग्लैंड), जेसन रॉय (इंग्लैंड), क्रिस वोक्स (इंग्लैंड), डेविड विली, क्रिस मॉरिस और काइले एबोट हैं।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk