रांची (ब्यूरो)। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी जेटली को श्रद्धांजलि देते हुए प्रमुख नेताओं ने उन्हें याद किया। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

दो बार उनके साथ राज्यसभा में रहा और बहुत कुछ सीखा: अजय मारू
राज्यसभा के पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय मारू ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय जेटली न केवल एक सुप्रसिद्ध अधिवक्ता थे, बल्कि एक प्रकार प्रखर नेता थे। उनके निधन से भाजपा को भारी क्षति हुई है, जिसकी पूर्ति नहीं की जा सकती। पूर्व सांसद ने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में अरुण जेटली ने झारखंड को विकास के लिए कभी भी पैसे की कमी नहीं होने दी थी।

क्रिकेट में था इंट्रेस्ट
अजय मारू ने कहा कि अरुण जेटली दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष थे और क्रिकेट में उनका इंट्रेस्ट था। एक बार अपने रांची प्रवास में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की उन्होंने जमकर प्रशंसा की थी। मारू ने कहा की अरुण जेटली भाजपा के संकटमोचक थे। वह जिस-जिस राज्य में भाजपा के प्रभारी रहे, वहां भाजपा की जीत हुई। उन्होंने कहा की अरुण जेटली ने मूल्यों की राजनीती की। राज्यसभा में उनके साथ दो बार साथ रहने का मौका मिला और इस दौरान उन्होंने उनसे काफी कुछ सीखा। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली पर भ्रष्टाचार का कभी कोई आरोप नहीं लगा। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को राजनीति से दूर रखा।

पार्टी ने अभिन्न सदस्य खो दिया
आज हमारी पार्टी ने अपने परिवार के एक अभिन्न सदस्य तो खो ही दिया है, साथ ही देश ने अपना एक प्रखर नेता भी खो दिया है। अरुण जेटली जी के विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी शानदार भाषण शैली पक्ष और विपक्ष दोनों को मुग्ध करने की क्षमता रखती थी। देश के विकास में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा.
रघुवर दास, मुख्यमंत्री

करोड़ों लोगों के पसंदीदा राजनेता थे
पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली जी के निधन से भारतीय राजनीति को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। वे करोड़ों की पसंदीदा राजनेता थे। उन्होंने वित्तमंत्री के पद पर रहते हुए कई ऐतिहासिक फैसले लिए। इस दुख की घड़ी में हम सब उनके फैसले के साथ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें.
अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री

अच्छा मित्र खो दिया
यह पार्टी की बड़ी क्षति है। मैने एक अच्छा मित्र खो दिया है। हम लोग राज्यसभा में दस वर्षो तक साथ रहे। पार्टी में साथ काम किया। उनके निधन का समाचार सुन पार्टी ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं.
ओम प्रकाश माथुर

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह भाजपा के विधानसभा प्रभारी

देश ने महान सपूत खो दिया
अरुण जेटली एक कुशल संगठक थे। उन्होंने वित्त मंत्री, सूचना प्रसारण मंत्री एवं रक्षा मंत्री के रूप में लंबे समय तक देश की सेवा की। वे एक कुशल अधिवक्ता एवं प्रखर वक्ता थे। उनके निधन से देश ने एक महान सपूत खो दिया है।
दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा
ranchi@inext.co.in