-जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीते दो-दो गोल्ड

-जेआरडी टाटा स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स में हो रहा है आयोजन

JAMSHEDPUR: झारखंड की अंकिता भगत व बिनोद स्वांसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टाटा स्टील खेल विभाग के तत्वावधान में स्थानीय जेआरडी टाटा स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स में चल रहे जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप की रिकर्व स्पद्र्धा में दो-दो स्वर्ण अपने नाम कर लिया। विनोद स्वांसी ने सोमवार को व्यक्तिगत स्पद्र्धा के साथ-साथ मिक्स्ड डबल्स का स्वर्ण अपने नाम किया। रविवार को उन्होंने 70 मीटर स्पद्र्धा में भी स्वर्ण अपने नाम किया था। उधर, मिक्स्ड डबल्स में अंकिता ने बिनोद के साथ मिलकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। वहीं टीम स्पद्र्धा का भी स्वर्ण अपने नाम किया। अंकिता रविवार को भी 70 मीटर स्पद्र्धा में अव्वल रही थी। सोमवार को बालकों के व्यक्तिगत राउंड में बिनोद स्वांसी पहले, उत्तर प्रदेश के सुमित दूसरे व झारखंड के इंद्रचंद स्वामी तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में पं। बंगाल की सुपर्णा सिंह ने स्वर्ण अपने नाम किया, वहीं झारखंड की प्राची सिंह दूसरे व पंजाब की सिमरनजीत कौर तीसरे स्थान पर रही।

मिला पहला स्थान

मिश्रित युगल स्पद्र्धा में झारखंड की अंकिता भकत व विनोद स्वांसी की जोड़ी ने सोने का तमगा हासिल किया, वहीं महाराष्ट्र की स्वाति नागरकर व प्रवीण जाधव दूसरे व असम की प्रोमिला दायमारी व संजय बोरो तीसरे स्थान पर रहे। टीम स्पद्र्धा में उत्तराखंड (यशदेव, अखिल चौधरी, कनक वैद्यवान व जितेंद्र) पहले स्थान पर रहा, वहीं, एसएससीबी (अतुल वर्मा, निशांत कुमावत, एल हेनथोइबा सिंह व सुखचैन सिंह) दूसरे और झारखंड (बिनोद स्वांसी, इंद्रचंद स्वामी, एम प्रसन्ना कुमार व प्रकाश पान) तीसरे स्थान पर रहे। बालिकाओं की टीम स्पद्र्धा में झारखंड ने बाजी मारी। झारखंड की टीम में अंकिता भकत, प्राची सिंह, विद्या कुमारी व अर्चना शर्मा शामिल थीं। महाराष्ट्र (स्वाति नागरकर, भाग्यश्री कोल्टे, पूर्वा पल्लीवाल व उन्नति राउत) दूसरे तथा गुजरात (बरिया प्रमिलाबेन, राठवा भावविशाबेन, राठवा पायलबेन तथा बारांडा धारबेन) तीसरे स्थान पर रहा।