sanam.singh@inext.co.in

JAMSHEDPUR: शहर के आधे दर्जन से भी ज्यादा पेट्रोल पंप पर आग का खतरा मंडरा रहा है। रूल्स को ठेंगा दिखाते हुए कई पेट्रोल पंप से सटकर और कुछ पेट्रोल पंप के पास ही चाय व पान की दुकानें खुली हैं। इनमें गैस व स्टोव जलता है और सिगरेट के कश लगाए जाते हैं। इन दुकानों की चिनगारी किसी दिन भयानक हादसे को न्योता दे तो कोई आश्चर्य नहीं। साकची और बिष्टुपुर में कई ऐसे पेट्रोल पंप है जहां इडली डोसा के ठेले भी लगाए जाते हैं। चौकाने वाली बात यह है की इसपर ना तो कोई आवाज उठाता है, ना ही कोई सवाल करता है।

क्या है नियम

-पेट्रोल पंप के 20 मीटर के दायरे में रेस्तरां और पान की दुकाने नही होनी चाहिए।

-बिजली की हाईटेंशन लाइन की भी दूरी 30 मीटर होनी चाहिए।

यहां हो रही लापरवाही

-पान दुकान पर सिगरेट तो चाय दुकान पर जलते चूल्हे को रोकने वाला कोई नहीं है।

-पेट्रोल पंप पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और सिगरेट नहीं पीने का बोर्ड भी नहीं लगाया है।

बिष्टुपुर गोलचक्कर

बिष्टुपुर गोलचक्कर के पास वाले हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंप में सटकर पान की दुकान चलाई जा रही है। यहां सिगरेट इत्यादि के कश लगाए जाते हैं। इतने संवेदनशिल जगह में सिगरेट पीना काफी खतरनाक है।

साकची शीतल छाया

साकची शीतल छाया के पास वाले पेट्रोल पंप के पीछे ही गुटखा सिगरेट की दुकान है। यहां भी सिगरेट आदि की बिक्री की जाती है। यहां भी कभी भी हादसा हो सकता है।

बर्मामाइंस स्थित पेट्रोल पंप

बर्मामाइंस स्थित पेट्रोल पंप के बगल में गैस गोदाम है। शहर में पेट्रोल पंप मानकों का थोड़ा भी ख्याल नहीं रखा जा रहा है।

बिष्टुपुर नटराज बिल्डिंग

बिष्टुपुर नटराज बिल्डिंग के पीछे वाले भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप से सटी एक चाय की दुकान है, जहां चूल्हा जलता है।

मानगो पुल वाले रास्ते में

मानगो पुल वाले रास्ते में भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के अगल-बगल में पान दुकान के कई ठेले लगे रहते हैं। इनसे हादसे का खतरा बना रहता है।

अगर पेट्रोल पंप के आस-पास पान या चाय दुकानें खुली हैं तो यह गलत है। इससे आग लगने का खतरा बना रहता है। वैसे सो हर पेट्रोल पंप में आग से निपटने की की प्रर्याप्त व्यवस्था होती है, फिर भी सारे पेट्रोल पंप को निर्देश दिया जाएगा कि वे अगल-बगल से चाय व पान की दुकानें हटवाएं।

-राजीव सिंह, अध्यक्ष, पेट्रोल पंप एसोसिएशन, जमशेदपुर

जानकारी में नहीं है। अगर पेट्रोलपंप के अगल-बगल में ऐसी दुकानें खुली हैं, जिनसे आग लगने खतरा है तो उन दुकानों को बंद कराया जाएगा। इसके लिए सभी पेट्रोलपंप को भी लिखित शिकायत करनी चाहिए।

माधवी मिश्रा , एसडीओ