RANCHI : जामताड़ा के साइबर अपराधी कितने शातिर हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चों को भी निशाना बना लिया। बैंक मैनेजर बनकर साइबर अपराधियों ने उनसे पांच लाख रुपए ठग लिए। जामताड़ा पुलिस के हत्थे चढ़े साइबर क्राइम के मास्टरमाइंड सीताराम और उसके सहयोगी विकास ने यह खुलासा किया। मालूम हो कि अपने साथ हुई ठगी की जानकारी अमिताभ बच्चन ने खुद केबीसी के एक एपिसोड में देवघर के एक प्रतिभागी से कही थी।

देशभर में फैला है जाल

जामताड़ा के इन साइबर अपराधियों का जाल झारखंड से लेकर मुंबई, पुणे, कानपुर, बेंगलुरु और नोयडा समेत देशभर में फैला है। देश के 26 राज्यों की पुलिस इनकी तलाश में लगातार छापेमारी करती आ रही है। इस सिलसिले में कई साइबर अपराधियों को पुलिस ने दबोचा है। इनके पास से छह मोबाइल, छह अलग-अलग कंपनियों के सिमकार्ड, तीन एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया किया गया है।

रिमांड पर लेगी नोयडा पुलिस

जामताड़ा के एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी सीताराम और विकास को रिमांड पर लेने के लिए 26 राज्यों की पुलिस कोशिश कर रही है। वैसे, बैंक मैनेजर बनकर ठगी करने के मामले में इन दोनों को नोयडा पुलिस रिमांड पर लेगी। उन्होंने बताया कि सीताराम अबतक 20 लाख रुपए की ठगी कर चुका है। उसका जामताड़ा में आलीशान मकान है। पुलिस उसके बारे में तमाम जानकारी हासिल करने में जुटी है।

जामताड़ा में साइबर क्राइम की पाठशाला

जामताड़ा में साइबर क्राइम की पाठशाला चलती है। बाकायदा स्कूल खोलकर यहां स्कूली बच्चों को भी ठगी के गुर बताए जाते हैं। इसके बाद वे देशभर में साइबर क्राइम करते हैं। मालूम हो कि पकड़ा गया विकास मंडल 8वीं का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, उसकी उम्र करीब 19 साल है।