RANCHI: झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के सरकारी खाते से 49.90 लाख की अवैध निकासी कर ली गई है। उक्त राशि क्लोन चेक के जरिए निकाली गई है। निकासी पांच से नौ जुलाई के बीच हुई है। इसमें तीन चेकों का इस्तेमाल किया गया है। बुधवार को अवैध निकासी मामले की जानकारी विभाग को हुई। कार्यपालक अभियंता राजू महथा ने मामले की जानकारी बैंक को दी। फिर डोरंडा थाना को सूचना दी गई। राजू महथा के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

ऑफिस में रखा है उस नंबर का चेक

डोरंडा इंस्पेक्टर आबिद खान ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। अनुसंधान में साइबर थाना की भी मदद ली जाएगी। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कांड का खुलासा किया जाएगा। इधर, राजू महथा ने कहा कि बुधवार की शाम चार बजे नेट बैंकिंग से सरकारी खाता की जांच कर रहा था। इसमें पता चला कि सरकारी खाते से अवैध तरीके से निकासी हो गई है। फिर चेक जांच करने पर पता चला कि इस नंबर का चेक कार्यालय में रखा हुआ है।