- जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने घोषणा पत्र जारी किया

- न्याय के साथ विकास, सुशासन और बिहार को स्पेशल स्टेटस देने की है बात

PATNA : बिहार की राजनीति में सत्तासीन पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने घोषणा पत्र जारी कर दिया। पार्टी कार्यालय में इसे जारी करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने अन्य पार्टियों को चुनौती दी और कहा कि अन्य पार्टियों में दम है तो इससे बेहतर घोषणा-पत्र लाकर दिखाए। यह हर तरीके से जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की ताकत रखता है। इसमें बिहार की अस्मिता और न्याय के साथ विकास की बात है। हम समावेशी विकास की बात करते हैं जिसमें किसी वर्ग या जाति-विशेष की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हम झूठ की खेती नहीं करते हैं।

घोषणा पत्र की खास बातें

इसमें न्याय के साथ विकास को प्रमुखता के साथ रखा गया है। रटा-रटाया सुशासन की बात भी है, जिसमें पार्टी को परिवर्तनवादी बताया गया है। पिछडे़ वर्गो के वोटरों को ध्यान में रखते हुए अपने एजेंडे में समावेशी की बात कही गई है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाने और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की बात को प्रमुखता से रखा गया है। भ्रष्टाचार और काले धन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात पर जोर दिया गया है। सीएम नीतीश कुमार ने इस मौके पर कहा कि इसमें बिहार की चिंता और उसकी समस्याओं पर फोकस किया गया है। सबको साथ लेकर चलना ही लक्ष्य है।