झांसी के माताटीला बांध से रविवार को छोड़ा गया चार लाख क्यूसेक पानी

सोमवार को इलाहाबाद पहुंचकर मचा सकता है तबाही

ALLAHABAD: बाढ़ से जूझ रहे इलाहाबाद को सोमवार को नई मुसीबत से जूझना पड़ सकता है। यह मुसीबत वह सैलाब है जो झांसी से बेतवा के रास्ते चला है और कभी भी यमुना में दस्तक दे सकता है। इसके बाद शहर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में भी बाढ़ की संभावना बन सकती है। दरअसल, रविवार को झांसी के माताटीला बांध से चार लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जो रविवार सुबह तक यहां पहुंच जाएगा। इससे निपटने के इंतजाम सिचाई विभाग ने शुरू कर दिए हैं। सभी बांधों और एसटीपी की निरीक्षण कर इन्हें सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, दोनों नदियों में पानी बढ़ने की रफ्तार में सुबह बाद वृद्धि होने से प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ गई।

लगातार बढ़ रही है रफ्तार

रविवार सुबह 11 बजे तक गंगा-यमुना में जलवृद्धि की रफ्तार दो सेमी प्रति घंटे थी। लेकिन, इसके बाद यह बढ़कर तीन सेमी प्रति घंटे हो गई। जिससे अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। इसको देखते हुए एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीम को रविवार की रात भेजने की अपील प्रशासन ने की है। इसके अलावा अतिरिक्त नाव और गोताखोर भी दूसरे जिलों से मंगवाए गए हैं। खतरे को देखते हुए मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग राजेंद्र सिंह ने रविवार को चारों बांधों का दौरा किया। बाद में वह टोंस नदी का निरीक्षण करने भी पहुंचे। कमिश्नर राजन शुक्ला ने भी रविवार सुबह सभी एसटीपी का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि झांसी से आने वाले सैलाब से निपटने की तैयारियां जोरो पर हैं।

टूटेगा पुराना रिकार्ड

नदियों में उफान को देखते माना जा रहा है कि इस साल दो वर्ष पुराने 2013 का रिकार्ड ध्वस्त हो जाएगा। बता दें कि उस साल गंगा अधिकतम का जलस्तर 86.72 मीटर व यमुना का जलस्तर 86.60 मीटर रहा था। कमिश्नर राजन शुक्ला ने इस बीच सलोरी, बघाड़ा, दारागंज, बक्शी बांध, मोरी गेट, संगम आदि इलाकों का दौरा बाढ़ पीडि़तों का हालचाल लिया। शिविरों में रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आदेश सीएमओ इलाहाबाद को दिए गए हैं।

डेंजर लेवल- 84.73 मीटर

फाफामऊ- 85.67 मीटर

छतनाग- 85.00 मीटर

नैनी- 85.53 मीटर

गंगा में जलवृद्धि- 2.5 सेमी प्रति घंटे

यमुना में जलवृद्धि- तीन सेमी प्रति घंटे

प्रशासन हर तरह से लोगों की मदद के लिए तैयार है। किसी भी समस्या होने पर पब्लिक अधिकारियों से संपर्क कर सकती है। बाढ़ पीडि़त लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के आदेश अधिकारियों को दिए हैं।

राजन शुक्ला, कमिश्नर इलाहाबाद