लोहरदगा (ब्यूरो)। कुडू प्रखंड के नवाटोली मैदान और भंडरा प्रखंड के लाल बहादुर शास्त्री हाइस्कूल ग्राउंड में आयोजित चुनावी सभा में फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री के अलावा राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू भी शामिल हुए। इसके अलावा कांग्रेस के कई नेताओं ने भी इसमें शिरकत की। चुनावी जनसभा में भाग्यश्री ने माइक संभालते ही सबसे पहले लोगों को अपने अंदाज में नमस्कार किया। भाग्यश्री की मुस्कुराहट देखकर दर्शक फिदा होते नजर आए।

'मैंने प्यार किया' का बजा गाना

भाग्यश्री के आने से पहले फिल्म मैंने प्यार किया का गाना खूब बजा। जोर-जोर से नारे लगाए जाने लगे। इसी बीच भाग्यश्री ने कहा कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। रामेश्वर उरांव एक समर्पित और जुझारू व्यक्ति हैं। उन्हें जीता कर क्षेत्र के विकास की नई तस्वीर बनानी है। यदि रामेश्वर उरांव यहां से जीतते हैं तो वह फिर एक बार लोहरदगा आएंगी। भाग्यश्री ने कहा कि उन्हें यहां के लोग और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति भी काफी पसंद है।

एक झलक पाने को लेकर नजर आए बेताब

इस क्षेत्र में प्रकृति ने अनुपम उपहार भी दिए हैं। इससे पहले भाग्यश्री की एक झलक पाने को लेकर लोग बेताब नजर आए। कार्यक्रम में राजसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि हमें ऐसे लोगों से बचने की जरूरत है, जो आपका विश्वास पाने के बाद आपका विश्वास तोड़ देते हैं। इस बार डाॅ. रामेश्वर उरांव को जीत दिलाते हुए एक नया अध्याय लिखना है। क्षेत्र के विकास में हमें सहयोगी बनना है। कार्यक्रम में भाग्यश्री के पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।

ranchi@inext.co.in